scorecardresearch
Tuesday, 17 February, 2026
होमखेलमोनांक, कृष्णमूर्ति की अर्धशतकीय पारियों से अमेरिका ने नामीबिया को दिया 200 रन का लक्ष्य

मोनांक, कृष्णमूर्ति की अर्धशतकीय पारियों से अमेरिका ने नामीबिया को दिया 200 रन का लक्ष्य

Text Size:

चेन्नई, 15 फरवरी (भाषा) संजय कृष्णमूर्ति और कप्तान मोनांक पटेल की आक्रामक अर्धशतकीय पारियों से अमेरिका ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में रविवार को यहां नामीबिया के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 199 रन बनाये।

टी20 विश्व कप में यह अमेरिका का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले टीम ने पिछले आयोजन में कनाडा के खिलाफ 197 रन बनाये थे।

बाईस वर्षीय कृष्णमूर्ति ने भारत की 2011 विश्व कप जीत देखने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सपना देखना शुरू किया था और कोविड-19 महामारी के दौरान सैन फ्रांसिस्को जाने से पहले बेंगलुरु में अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी।

उन्होंने 33 गेंद की पारी में चार चौके और छह छक्कों की मदद से नाबाद 68 रन की पारी खेलने के साथ मिलिंद कुमार (20 गेंद में 28 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी कर टीम को 200 रन के करीब पहुंचाया।

मोनांक (52) ने लगातार कम स्कोर वाली पारियों को पीछे छोड़ते हुए 30 गेंद में तीन चौके और तीन छक्के लगाये। उन्होंने पारी की शुरुआत में मिले जीवनदान के बाद आत्मविश्वास और आक्रमण का शानदार मिश्रण दिखाया। उन्होंने शायन जहांगीर (18 गेंद में 22 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 6.5 ओवर में 68 रन की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इस जोड़ी ने पावर प्ले में 11 रन प्रति ओवर की रफ्तार से रन बटोरे।

नामीबिया के लिए लेग स्पिनर नामीबिया के लिए विलेम मायबर्ग और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने दो-दो विकेट लिये।

मोनांक पारी की शुरुआत से अपने आक्रामक अंदाज में नजर आए। उन्होंने तीन छक्के लगाए, जिनमें से दो जेजे स्मिट के खिलाफ थे। मोनांक ने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। पावरप्ले के आखिरी ओवर में उन्होंने स्मिट पर एक छक्का और दो चौके जड़ते हुए 19 रन बटोरे, जिससे अमेरिका बिना किसी नुकसान के 65 रन तक पहुंच गया।

जहांगीर भी अच्छी लय में दिखे और एक छक्का व दो चौके लगाए, लेकिन  लेग स्पिनर मायबर्ग ने जहांगीर को आउट कर नामीबिया को सफलता दिलाई।

उन्होंने इस बल्लेबाज को पहले धीमी गेंद पर फंसाते हुए मिड-ऑन पर कैच कराया। अपने अगले ओवर में उन्होंने कप्तान मोनांक को भी पवेलियन भेज दिया, जिससे नामीबिया ने मैच में थोड़ी देर के लिए वापसी की।

इरास्मस ने भी अपने पहले ओवर में विविधताओं का चतुराई से इस्तेमाल करते हुए प्रभाव डाला।

कृष्णमूर्ति को पारी की शुरुआत में थोड़ा भाग्य का साथ मिला, जब वह 10 रन पर थे तब इरास्मस ने लॉन्ग-ऑफ पर दौड़ते हुए शानदार कैच लेने की कोशिश की लेकिन डाइव लगाते समय गेंद पर नियंत्रण खो बैठे। यह चूक नामीबिया को भारी पड़ी।

इसके बाद युवा बल्लेबाज ने गियर बदलते हुए आक्रामक अंदाज अपनाया और अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला अर्धशतक शानदार अंदाज में पूरा किया।

उन्होंने 17वें ओवर में उन्होंने रुबेन ट्रम्पेलमैन के खिलाफ लगातार तीन छक्के जड़े, जिसमें एक कमर से ऊपर की नो-बॉल पर लगाया गया छक्का भी शामिल था। महज 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर उन्होंने मैच का रुख बदल दिया।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments