पाफोस (साइप्रस), 30 मार्च (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने काले मोहरों से खेलते हुए चीन के वेई यी के खिलाफ आसानी से ड्रॉ खेला और सोमवार को यहां फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के दूसरे दौर के बाद 1.5 अंकों के साथ संयुक्त बढ़त पर बने रहे।
पहले दौर में अनीश गिरी पर शानदार जीत दर्ज करने के बाद प्रज्ञानानंदा दूसरे दिन भी लय में नजर आए। उन्होंने ‘फ्रेंच डिफेंस ओपनिंग’ में काले मोहरों से खेलते हुए चीन के खिलाड़ी पर कुछ दबाव बनाया।
वेई यी ने जटिल मुकाबले से बचने का फैसला किया और मोहरों की अदला-बदली होती रही, जिससे अंत में विपरीत रंग के ऊंटों के एंडगेम में मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
प्रज्ञानानंदा के पास एक अतिरिक्त प्यादा था, लेकिन सफेद मोहरों की स्थिति बेहद मजबूत थी। 46 चालों के बाचद दोनों खिलाड़ियों ने ड्रॉ पर सहमति जताई।
पहले दौर में जहां चार में से तीन मुकाबले निर्णायक रहे थे, वहीं दूसरे दौर में सभी मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए। अनीश गिरी ने सफेद मोहरों से खेलते हुए अमेरिका के फैबियानो कारुआना के खिलाफ ठोस खेल दिखाया और ड्रॉ हासिल किया। उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव को जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम ने ड्रॉ पर रोका।
इसके साथ ही खेले जा रहे महिला वर्ग में दिव्या देशमुख एक बड़ा मौका गंवा बैठीं। वह अपनी हमवतन आर. वैशाली के खिलाफ जीत की स्थिति में थीं, लेकिन समय के दबाव में गलती कर बैठीं।
नागपुर की विश्व कप विजेता दिव्या ने समय कम होने के बावजूद एक रणनीतिक मौका निकाला था, लेकिन जल्दबाजी में गलत चाल चल दी, जिससे वैशाली ने शानदार जवाबी खेल दिखाते हुए मुकाबला ड्रॉ करा लिया।
चीन की जिनेर झू भी लगभग जीती हुई बाजी रूस की कतेरीना लाग्नो के खिलाफ गंवा बैठीं।
कजाखस्तान की बिबिसारा अस्साउबायेवा ने रूस की अलेक्जेंड्रा गोर्याचकिना के साथ ड्रॉ खेला, जबकि चीन की झोंगयी तान और यूक्रेन की अन्ना म्यूजिचुक के बीच भी मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
महिला वर्ग में अब तक आठों खिलाड़ियों में से किसी ने भी जीत दर्ज नहीं की है।
कैंडिडेट्स टूर्नामेंट दो साल में एक बार आयोजित होता है, जिसमें विजेता को मौजूदा विश्व चैंपियन को चुनौती देने का मौका मिलता है। ओपन वर्ग का विजेता इस साल डी. गुकेश से भिड़ेगा, जबकि महिला वर्ग की विजेता चीन की वेनजुन जू के खिलाफ मुकाबला खेलेगी।
भाषा
आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
