scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमखेलफरेरा के तूफानी अर्धशतक से रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को हराया

फरेरा के तूफानी अर्धशतक से रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को हराया

Text Size:

मुल्लांपुर, 28 अप्रैल (भाषा) डोनोवन फरेरा के तूफानी अर्धशतक और शुभम दुबे के साथ उनकी अटूट अर्धशतकीय साझेदारी से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को यहां पंजाब किंग्स को छह विकेट से हरा दिया जो मौजूदा सत्र में पंजाब की टीम की पहली हार है।

पंजाब के 223 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल्स ने सलामी बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल (51 रन, 27 गेंद, सात चौके, एक छक्का) और वैभव सूर्यवंशी (43 रन, 16 गेंद, पांच छक्के, तीन चौके) की तूफानी पारियों के बाद डोनोवन फरेरा (नाबाद 52 रन, 26 गेंद, छह चौके, तीन छक्के) और शुभम दुबे (नाबाद 31 रन, 12 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) के बीच पांचवें विकेट की 32 गेंद में 77 रन की अटूट साझेदारी से 19.2 ओवर में चार विकेट पर 228 रन बनाकर जीत दर्ज की।

पंजाब किंग्स ने मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 62, 22 गेंद, छह छक्के, चार चौके) के ताबड़तोड़ अर्धशतक और सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन (59 रन, 44 गेंद, छह चौके, एक छक्का) के जुझारू अर्धशतक से चार विकेट पर 222 रन बनाए। प्रभसिमरन ने अर्धशतक जड़ने के अलावा कूपर कोनोली (30) के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 और कप्तान श्रेयस अय्यर (30) के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी भी की।

स्टोइनिस की तूफानी पारी से पंजाब किंग्स की टीम आखिरी तीन ओवर में 55 रन जोड़ने में सफल रही।

रॉयल्स की ओर से लेग स्पिनर यश राज पुंजा सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 41 रन देकर दो विकेट चटकाए। नांद्रे बर्गर काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने 59 रन देकर एक विकेट चटकाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने तूफानी शुरुआत दिलाई। सूर्यवंशी ने अर्शदीप सिंह की लगातार गेंदों पर छक्के और दो चौकों से खाता खोलने के बाद अगले ओवर में लॉकी फर्ग्युसन की लगातार गेंदों पर चौका और दो छक्के मारे।

सूर्यवंशी ने अर्शदीप के अगले ओवर में भी छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर मिड ऑफ से पीछे की ओर दौड़ते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर ने उनका कैच लपका। उन्होंने 16 गेंद का सामना करते हुए पांच छक्के और तीन चौके मारे।

सूर्यवंशी के आउट होने के बाद जायसवाल ने तेवर दिखाए। उन्होंने अर्शदीप के इसी ओवर में लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का मारा और फिर फर्ग्युसन पर दो चौके जड़े।

रॉयल्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 84 रन बनाए।

जायसवाल ने बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार पर चौके के साथ नौवें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।

ध्रुव जुरेल हालांकि 20 गेंद में 16 रन बनाने के बाद लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (36 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर यानसेन को कैच दे बैठे।

कप्तान रियान पराग (29) ने चहल पर चौके से खाता खोला और फिर बरार पर रिवर्स स्वीप से छक्का जड़ा।

जायसवाल ने चहल पर चौके के साथ 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगली गेंद पर सूर्यांश शेडगे को कैच दे बैठे।

पराग ने भी चहल की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन इसी ओवर में डीप मिडविकेट पर शेडगे को कैच दे बैठे।

रॉयल्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 58 रन की दरकार थी।

शुभम दुबे ने यानसेन की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ रन गति में इजाफा किया लेकिन फर्ग्युसन के अगले ओवर में सिर्फ आठ रन बने।

फरेरा ने 18वें ओवर में अर्शदीप की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा जबकि अंतिम गेंद पर दुबे ने भी छक्का जड़ा जिससे अंतिम ओवर में रॉयल्स को 18 रन की जरूरत थी।

फरेरा ने इसके बाद फर्ग्युसन पर दो चौकों और एक छक्के से रॉयल्स का पलड़ा भारी किया और फिर यानसेन पर छक्के के साथ 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और टीम को जीत दिलाई।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे पंजाब किंग्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 65 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की। प्रभसिमरन ने जोफ्रा आर्चर पर चौके से खाता खोला जबकि प्रियांश आर्य (29) ने बर्गर की लगातार गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का मारा।

प्रियांश ने अगले ओवर में आर्चर पर भी दो चौके जड़े लेकिन फिर बर्गर को आसान कैच दे बैठे।

कोनोली ने यश का स्वागत लगातार दो छक्कों के साथ किया और फिर रविंद्र जडेजा की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया।

कोनोली हालांकि यश के अगले ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर डोनोवन फरेरा को आसान कैच दे बैठे।

प्रभसिमरन ने यश पर चौके के साथ नौवें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया और फिर जडेजा की गेंद पर एक रन के साथ 35 गेंद में मौजूदा सत्र का अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया।

अय्यर ने भी धीमी शुरुआत के बाद यश पर छक्का जड़ा लेकिन प्रभसिमरन इस लेग स्पिनर की गेंद को हवा में लहराकर कप्तान रियान पराग को आसान कैच दे बैठे।

मार्कस स्टोइनिस ने 18वें ओवर में बर्गर की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन अय्यर गेंद को हवा में लहराकर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को कैच दे बैठे।

स्टोइनिस ने अगले ओवर में आर्चर पर लगातार दो छक्के जड़े और फिर पारी के अंतिम ओवर में बृजेश शर्मा की लगातार गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और साथ ही टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments