scorecardresearch
Thursday, 19 March, 2026
होमखेलबेखौफ किशन ने हमसे मैच छीन लिया: पाकिस्तान के कोच हेसन

बेखौफ किशन ने हमसे मैच छीन लिया: पाकिस्तान के कोच हेसन

Text Size:

(जी उन्नीकृष्णन)

कोलंबो, 16 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के मुख्य कोच माइक हेसन ने कहा कि बेखौफ होकर खेल रहे ईशान किशन के तूफानी अर्धशतक ने उनकी टीम और भारत के बीच अंतर पैदा किया।

किशन की 40 गेंद पर 77 रन की तूफानी पारी की मदद से भारत ने रविवार को यहां पाकिस्तान को 61 रन से हराकर सुपर आठ में जगह पक्की कर ली।

हेसन ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह बेखौफ होकर खेलता है। वह मैदान के दोनों तरफ रन बना सकता है। इसलिए वह सिर्फ लेग साइड तक ही सीमित नहीं है। हम जानते हैं कि वह लेग साइड का मजबूत बल्लेबाज है, लेकिन वह रिवर्स शॉट भी खेल सकता है। इसलिए, अगर विशेष कर पावर प्ले में स्पिन गेंदबाज गेंदबाजी कर रहे हो तो उसे रोकना चुनौती हो सकती है।’’

हेसन ने स्वीकार किया कि किशन ने प्रेमदासा की धीमी पिच पर पाकिस्तान के धीमे गेंदबाजों के खिलाफ 37 गेंदों में 66 रन बनाकर उनकी स्पिन-प्रधान रणनीति को ध्वस्त कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जिस तरह से वह शानदार फॉर्म में हैं, उससे हमारे स्पिनरों पर काफी दबाव पड़ा और शायद वे ‘बेसिक्स’ से भटक गए। उसके अलावा (शिवम) दुबे का प्रदर्शन थोड़ा बेहतर था, लेकिन मुकाबला कठिन था। किशन की पारी वास्तव में पूरे मैच में सबसे बेहतरीन थी। किशन जिस तरह से खेला, उसने हमसे मैच छीन लिया।’’

न्यूजीलैंड में जन्मे कोच ने स्वीकार किया कि इस बड़ी हार से टीम निराश है और उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती इस पराजय से उबरकर वापसी करना है। इस करारी शिकस्त से पाकिस्तान का नेट रन रेट गड़बड़ा गया है और वह ग्रुप ए में भारत और अमेरिका के बाद तीसरे स्थान पर खिसक गया है।

अब पाकिस्तान को सुपर आठ में जगह बनाने के लिए अपने आखिरी लीग मैच में नामीबिया को हराना होगा।

हेसन ने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि भारत बनाम पाकिस्तान का मुकाबला बड़ा होता है। हमने लगातार पांच (टी20 अंतरराष्ट्रीय) मैच जीते हैं। हम आत्मविश्वास से भरे हैं, लेकिन आज हम बुरी तरह से हार गए। इस समय ड्रेसिंग रूम में काफी निराशा का माहौल है, क्योंकि वे जानते हैं कि पाकिस्तान के लिए यह कितना मायने रखता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने उतना अच्छा प्रदर्शन नहीं किया जितना हम कर सकते थे, लेकिन हम जानते हैं कि इस तरह के टूर्नामेंट में हमेशा सब कुछ हमारे पक्ष में नहीं होगा। इसलिए, हमारा काम है खुद को संभालना और यह सुनिश्चित करना कि हम अगले मैच में बहुत अच्छा प्रदर्शन करें।’’

भाषा

पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments