नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) विश्व कप विजेता पूर्व भारतीय हरफनमौला युवराज सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि क्रिकेटरों को अपने मुख्य पेशे के तनाव से निपटने के लिए कम उम्र से ही गोल्फ खेलना शुरू कर देना चाहिए।
युवराज क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद शौकिया तौर पर गोल्फ खेलते हैं। उन्हें दूसरे ‘इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल)’ का ब्रांड दूत बनाया गया है।
युवराज ने आईजीपीएल की 10 फ्रेंचाइजी के अनावरण के मौके पर कहा, ‘‘क्रिकेटरों को क्रिकेट के साथ-साथ गोल्फ भी खेलना चाहिए। मुझे भी पहले गोल्फ खेलना चाहिए था, जिससे मुझे क्रिकेट में मदद मिलती। गोल्फ वास्तव में आपको तनाव से मुक्ति दिलाता है।’’
आईजीपीएल का कार्यक्रम अभी तय होना बाकी है।
उन्होंने कहा, ’’ज्यादातर विदेशी क्रिकेटर, खासकर ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी बचपन से ही गोल्फ खेलते हैं।’’
युवराज ने कहा कि गोल्फ को एक विशिष्ट खेल माना जाता है, लेकिन यह एक ऐसा खेल है जो सार्वजनिक गोल्फ कोर्स के माध्यम से सभी के लिए सुलभ है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम गोल्फ को एक विशिष्ट खेल मानते हैं, लेकिन हम चाहते हैं कि भारत का हर बच्चा गोल्फ खेले। हम गोल्फ को स्कूलों तक पहुँचाने की कोशिश कर रहे हैं। मेरा मानना है कि हर बच्चे को हर खेल को आजमाना चाहिए।’’
युवराज ने कहा, ‘‘मैं जानता हूं कि क्रिकेट हमारा सबसे लोकप्रिय खेल है, लेकिन गोल्फ भी एक रोमांचक खेल है, जिसे हर किसी को आजमाना चाहिए। भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके खिलाड़ी के तौर पर, मैं अन्य खेलों में भी योगदान देना चाहता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह लीग (आईजीपीएल) खेल को रोमांचक बनाएगी और खेल के बारे में जागरूकता फैलाएगी। ज्यादा बच्चे इस खेल को अपनाएँगे, टीवी पर देखेंगे और खेलने के लिए प्रेरित होंगे। इससे खेल में पैसा आएगा और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने में मदद मिलेगी, और यह हमारी जिम्मेदारी है।”
इस साल की आईजीपीएल में 10 फ्रेंचाइजी और पूरे साल में 15 टूर्नामेंट होंगे, जिनमें मॉरीशस, कांगो, दक्षिण अफ्रीका और मोरक्को में दो सहित पांच विदेशी टूर्नामेंट शामिल हैं।
आईजीपीएल की एलआईवी गोल्फ के साथ साझेदारी हुई है और इसे पेशेवर टूर के साथ भी एकीकृत किया गया है।
इस कार्यक्रम में टेनिस के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और कोलकाता फ्रेंचाइजी के सह-मालिक लिएंडर पेस तथा आईजीपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उत्तम सिंह मुंडी भी उपस्थित थे।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
