scorecardresearch
Tuesday, 21 April, 2026
होमखेलस्टोक्स और फॉक्स की शतकीय साझेदारी से इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका पर कसा शिकंजा

स्टोक्स और फॉक्स की शतकीय साझेदारी से इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका पर कसा शिकंजा

Text Size:

मैनचेस्टर , 26 अगस्त (भाषा) कप्तान बेन स्टोक्स (नाबाद 98) और विकेटकीपर बेन फॉक्स (नाबाद 61) की छठे विकेट के लिए 161 रन की अटूट साझेदारी के दम पर इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को यहां चाय के विश्राम तक पांच विकेट पर 308 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 151 रन पर सिमट गयी थी जिससे इंग्लैंड की कुल बढ़त 157 रन की हो गयी ।

इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 111 रन से की थी और टीम ने पहले सत्र में जॉनी बेयरस्टो (49) और सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली (38) का विकेट गंवाया। इन दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की। दोनों को एनरिच नॉर्किया (41 रन पर तीन विकेट) ने चलता किया।

नोर्किया ने इसके बाद स्टोक्स और फॉक्स को भी परेशान किया लेकिन उन्हें किस्मत का साथ नहीं मिला।

टेस्ट में अपने 12वें शतक से दो रन दूर स्टोक्स ने अब तक की 155 गेंद की पारी में छह चौके और तीन छक्के जड़े है। जबकि संभल कर बल्लेबाजी कर रहे फॉक्स ने 153 गेंद की पारी में चार चौके लगाये।

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर ने दूसरे सत्र में दोनों छोर से स्पिन गेंदबाजों केशव महाराज (17 ओवर में 55 रन) और साइमन हार्मर (18 ओवर में 52 रन) का इस्तेमाल किया। ये गेंदबाज रन रोकने में सफल रहे लेकिन विकेट नहीं चटका सके जिससे स्टोक्स और फॉक्स को क्रीज पर नजरें जमाने का मौका मिला गया।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments