मुंबई, दो जुलाई (भाषा) मुंबई के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे को बाएं हाथ के चोटिल तेज गेंदबाज चेतन सकारिया की जगह रविवार को दलीप ट्रॉफी के लिए पश्चिम क्षेत्र की टीम में शामिल किया गया।
सौराष्ट्र के तेज गेंदबाज सकारिया अपनी गेंदबाजी वाले हाथ में कोहनी की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘ सकारिया को चोट से उबरने में होने में दो से तीन सप्ताह लगेंगे।’’
दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पश्चिम क्षेत्र का मुकाबला मध्य क्षेत्र से होगा। मध्य क्षेत्र ने क्वार्टर फाइनल में पूर्वी क्षेत्र को 170 रन से हराया था।
देशपांडे ने प्रथम श्रेणी के 29 मैचों में 27.77 की औसत से 80 विकेट लिये है। उन्होंने इस साल आईपीएल में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। चेन्नई सुपरकिंग्स के इस खिलाड़ी ने 16 मैचों में 21 विकेट चटकाए थे।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
