मेलबर्न, 24 जनवरी ( भाषा ) आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क का कहना है कि नौ फरवरी से भारत में शुरू हो रही टेस्ट श्रृंखला से पहले अभ्यास मैच नहीं रखना समझ से परे है ।
आस्ट्रेलियाई टीम भारत में चार टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगी । क्लार्क ने कहा कि अभ्यास मैच नहीं खेलने का श्रृंखला के नतीजे पर काफी असर पड़ सकता है ।
उन्होंने बिग स्पोटर्स ब्रेकफास्ट पर कहा ,‘‘ अभ्यास मैच नहीं होना समझ से परे है ।भारत में पहले टेस्ट से पूर्व कोई अभ्यास मैच नहीं है । इसका काफी असर पड़ सकता है ।’’
आस्ट्रेलिया के लिये 115 टेस्ट खेल चुके क्लार्क ने कहा ,‘‘ आस्ट्रेलिया में खेलने की तुलना में भारत में खेलना बिल्कुल अलग है । स्पिन गेंदबाजों को कैसे खेलना है, रिवर्स स्विंग का सामना कैसे करना है , इसके लिये अलग रणनीति बनानी होती है ।’’
आस्ट्रेलिया के मुख्य कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने हालांकि कहा कि टीम काफी दौरों पर अभ्यास मैच के बिना खेल चुकी है । उन्होंने कहा ,‘‘ पिछली कुछ श्रृंखलाओं में हमने अभ्यास मैच नहीं खेले । हमें लगता है कि उसकी जरूरत नहीं है । हम पहले टेस्ट से एक सप्ताह पूर्व भारत जा रहे हैं । तैयारियों को लेकर हम उतना दबाव नहीं बनाना चाहते ।’’
भाषा मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
