मैड्रिड, 18 अप्रैल (भाषा) अपने दौर के दो सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी नोवाक जोकोविच और एलीन गु इस वर्ष के लॉरियस विश्व खेल पुरस्कार की संयुक्त मेजबानी करेंगे।
खेल कैलेंडर के सबसे बड़े पुरस्कार समारोह में पहली बार दो सक्रिय खिलाड़ी प्रस्तोता की भूमिका निभाएंगे। यह आयोजन 20 अप्रैल को मैड्रिड के प्रतिष्ठित पलासियो दे सिबेल्स में आयोजित किया जाएगा।
यह समारोह खेल, मनोरंजन और सांस्कृतिक जगत की दिग्गज हस्तियों को एक मंच पर लाकर उत्कृष्टता, जुझारूपन और प्रेरणा का जश्न मनाता है। दुनिया भर में प्रसारित होने वाला यह आयोजन करोड़ों दर्शकों तक पहुंचता है और विजेताओं की घोषणा के दौरान सोशल मीडिया पर भी व्यापक चर्चा का केंद्र बनता है।
जोकोविच रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए पांच बार ‘लॉरियस साल के सर्वश्रेष्ठ वैश्विक खिलाड़ी’ पुरस्कार जीत चुके हैं। वह ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता हैं और पुरुष एकल में 24 ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम कर चुके हैं।
वहीं गु फ्रीस्टाइल स्कीइंग इतिहास की सबसे सफल खिलाड़ी हैं। वह कई बार ओलंपिक और विश्व चैंपियन रह चुकी हैं। वह 2023 में ‘‘लॉरियस विश्व साल की सर्वश्रेष्ठ ‘एक्शन स्पोर्ट्स’ खिलाड़ी’’ का खिताब जीत चुकी हैं और लॉरियस की दूत भी हैं।
जोकोविच ने कहा, ‘‘यह पुरस्कार मेरे दिल के बेहद करीब हैं, क्योंकि ये केवल खेल में उत्कृष्टता का ही नहीं बल्कि समाज पर खेल के प्रभाव का भी सम्मान करता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले वर्ष मोंडो डुप्लांटिस को ‘साल का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ पुरस्कार प्रदान करना मेरे लिए सम्मान की बात थी और इस बार एलीन गु जैसी प्रेरणादायक खिलाड़ी के साथ मेजबानी करना मेरे लिए खुशी की बात है।’’
एलीन गु ने लॉरियस पुरस्कार को खिलाड़ियों के लिए बेहद खास करार देते हुए कहा, ‘‘ये साथियों के सम्मान और समझ के माध्यम से उनकी उपलब्धियों को मान्यता देते हैं और दुनिया भर के युवाओं को प्रेरित करते हैं।’’
भाषा आनन्द मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.