scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमखेलदीपा भुवनेश्वर में एशियाई खेलों के चयन ट्रायल में वापसी करेंगी

दीपा भुवनेश्वर में एशियाई खेलों के चयन ट्रायल में वापसी करेंगी

Text Size:

नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) भारतीय जिम्नास्ट दीपा कर्माकर डोप जांच में असफल होने पर 21 महीने के प्रतिबंध को पूरा कर के 11 और 12 जुलाई को भुवनेश्वर में एशियाई खेलों के चयन ट्रायल में भाग लेंगी।

त्रिपुरा की 29 वर्षीय खिलाड़ी को मई में भारतीय जिम्नास्टिक महासंघ ने संभावित खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया था। दीपा की प्रतिबंध अवधि 10 जुलाई को खत्म हो जाएगी।

दीपा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया, ‘‘यह पुष्टि हो गई है कि मैं ट्रायल में भाग लूंगी। मैं पिछले कुछ महीनों से अगरतला में प्रशिक्षण ले रही हूं। मुझे खुद से इसलिए प्रदर्शन की उम्मीद है।’’

दीपा किसी वैश्विक आयोजन में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय जिमनास्ट है। उन्होंने 2018 में तुर्की में ‘आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक वर्ल्ड चैलेंज कप’ की वॉल्ट स्पर्धा में शीर्ष स्थान हासिल किया था। उन्होंने उसी वर्ष कॉटबस में कांस्य भी जीता था।

वह 2014 ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता और 2015 हिरोशिमा में एशियाई चैंपियनशिप में कांस्य विजेता भी हैं।

इसके बाद लगातार चोट से जूझने के कारण उनका करियर प्रभावित हुआ। चोट के कारण ही वह तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी।

 कर्माकर पर अंतरराष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी (आईटीए) द्वारा कराये गए डोप टेस्ट में नाकाम रहने के बाद 21 महीने का प्रतिबंध लगा दिया गया है। कर्माकर के डोप नमूने 11 अक्टूबर 2021 को  आईटीए द्वारा प्रतिस्पर्धा से इतर लिये गए थे। आईटीए अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक महासंघ (एफआईजी) के डोपिंग निरोधक कार्यक्रम का जिम्मा संभालने वाली स्वतंत्र एजेंसी है ।

वह हिजेनामाइन के सेवन की दोषी पाई गई थी जो विश्व डोपिंग निरोधक एजेंसी की प्रतिबंधित सूची में है

दीपा के कोच विश्वेश्वर नंदी ने कहा, ‘‘वह पिछले दो-तीन महीने से अभ्यास कर रही है। फिलहाल उसका ध्यान ट्रायल्स में अच्छा करने पर है।’’

रियो ओलंपिक (2016) में चौथे स्थान पर रहने वाली दीपा के अलावा इस ट्रायल के महिला वर्ग में प्रणति नायक, प्रणति दास, प्रतिष्ठा सामंत जैसे शीर्ष खिलाड़ी भाग लेंगे। पुरुष वर्ग में राकेश पात्रा, योगेश्वर सिंह शीर्ष नामों में शामिल हैं।

जीएफआई ने रविवार को जारी एक पत्र में कहा, ‘‘  व्यक्तिगत वर्ग में बेहतर मूल्यांकन के लिए खिलाड़ियों को दो चरणों में मौके दिये जायेंगे।’’

भाषा आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments