scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमखेलएशिया मिश्रित चैंपियनशिप के लिए चोटिल सात्विक की जगह ध्रुव भारतीय टीम में

एशिया मिश्रित चैंपियनशिप के लिए चोटिल सात्विक की जगह ध्रुव भारतीय टीम में

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) ध्रुव कपिला को दुबई में 14 से 19 फरवरी तक होने वाली बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैंपियनशिप के लिए चोटिल सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के विकल्प के तौर पर बुधवार को भारत की पुरुष युगल टीम में शामिल किया गया।

पुरुष युगल में चिराग शेट्टी के साथ जोड़ी बनाकर खेलने वाले सात्विक को कूल्हे में चोट लगी है और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं जिसके बाद भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) को उनके विकल्प के तौर पर ध्रुव को टीम में शामिल करने के लिए बाध्य होना पड़ा।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 16 फरवरी को ग्रुप बी में राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन मलेशिया के खिलाफ करेगा। ग्रुप में मेजबान यूएई और कजाखस्तान को भी जगह मिली है।

थॉमस कप में भारत की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले लक्ष्य सेन और एचएस प्रणीत पुरुष एकल में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे जबकि दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू महिला एकल में भारत की शीर्ष खिलाड़ी होंगी।

महिला युगल में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता गायत्री गोपीचंद और त्रीशा जॉली की जोड़ी उतरेगी जबकि इशान भटनागर और तनीषा क्रास्टो मिश्रित युगल में चुनौती पेश करेंगे।

गत चैंपियन चीन सहित 17 टीम को चार ग्रुप में बांटा गया है और प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीम क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी।

भाषा सुधीर मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments