scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमखेलदिल्ली ओपन: नागल बाहर, शीर्ष वरीय बंथिया-डोंस्की युगल के क्वार्टर फाइनल में

दिल्ली ओपन: नागल बाहर, शीर्ष वरीय बंथिया-डोंस्की युगल के क्वार्टर फाइनल में

Text Size:

नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) भारत के शीर्ष टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल बृहस्पतिवार को यहां दूसरे दौर में इटली के छठे वरीय फेडेरिको सिना से हारने के बाद एटीपी दिल्ली ओपन से बाहर हो गए।

युगल ड्रॉ में भारत के सिद्धांत बंथिया और बुल्गारिया के अलेक्जेंडर डोंस्की की शीर्ष वरीय जोड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई।

दुनिया में 225वें नंबर पर काबिज 18 साल के सिना ने 297वीं रैंकिंग के नागल को एक घंटे 40 मिनट में 6-4, 6-4 से शिकस्त दी।

ब्रिटेन के तीसरे वरीय जे क्लार्क और पांचवें वरीय ओलिवर क्रॉफर्ड और जापान के आठवें वरीय रियो नोगुची ने सीधे सेटों में अपने मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

युगल में बंथिया और डोंस्की की शीर्ष वरीय जोड़ी ने फ्रांसिस केसी अलकेन्टारा और कोर्टनी जॉन लॉक पर 6-2, 6-3 की जीत से क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

भारत के दिविज शरण और करण सिंह की वाइल्डकार्ड जोड़ी भी आखिरी आठ में पहुंच गई। उन्होंने बुल्गारिया के दिमितार कुजमानोव और कजाखस्तान के डेनिस येवसेयेव को 7-6(5), 6-4 से हराया।

सोमदेव देववर्मन टूर्नामेंट के इतिहास में भारत के अकेले एकल चैंपियन हैं जिन्होंने 2014 और 2015 में लगातार खिताब जीते हैं।

साकेत माइनेनी और सनम सिंह की जोड़ी तथा युकी भांबरी और महेश भूपति की जोड़ी भारत की युगल चैंपियन रही हैं जिन्होंने क्रमशः 2015 और 2016 में ट्रॉफी जीती थी।

भाषा नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments