(अपराजिता उपाध्याय) नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) दिल्ली कैपिटल्स इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के सत्र में शनिवार को यहां जब अपने घरेलू मैदान पर पहले मैच में आत्मविश्वास से ओतप्रोत मुंबई इंडियंस का सामना करेगा तो सभी की निगाहें उसके शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों पर टिकी होगी। दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले साल पारी की शुरुआत करने के लिए सात जोड़ियों को आजमाया था। उम्मीद की जा रही थी कि इस साल वह इसमें अधिक स्थिरता लाएगा लेकिन शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि समस्या अब भी बनी हुई है। दिल्ली कैपिटल्स पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 142 रन का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत नहीं कर पाया था। केएल राहुल पहली ही गेंद पर आउट हो गए, जबकि नितीश राणा और पथुम निस्संका भी नहीं टिक पाए जिससे उसका स्कोर चार विकेट पर 26 रन हो गया। इसके बाद 22 वर्षीय समीर रिजवी ने ‘इंपैक्ट प्लेयर’ के रूप में उतरकर संयम और परिपक्वता का शानदार परिचय देते हुए नाबाद अर्धशतक लगाया। इन्होंने अनुभवी ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर 119 रन की अटूट साझेदारी करके अपनी टीम को छह विकेट से जीत दिलाई थी। रिजवी का प्रदर्शन दिल्ली के लिए अच्छा संकेत है लेकिन शीर्ष क्रम में उसकी कमजोरी चिंता का विषय है। अब उसे जसप्रीत बुमराह के अगुवाई वाले मुंबई के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण का सामना करना है और उसके लिए यह आसान नहीं होगा। अपने पहले आईपीएल खिताब की तलाश में जुटी कैपिटल्स की टीम शीर्ष क्रम में अधिक स्थिरता देखने के लिए उत्सुक होगी। उसके पास दो विकल्प हैं। या तो पिछले सत्र में अच्छा प्रदर्शन करने अभिषेक पोरेल या फिर निरंतरता बनाए रखने में नाकाम रहे पृथ्वी साव पर भरोसा दिखाए। इसके विपरीत ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की अनुपस्थिति में भी कैपिटल्स की गेंदबाजी इकाई कहीं अधिक आश्वस्त दिखी। स्टार्क इस मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने धीमी गेंदों का चतुराई से इस्तेमाल करना जारी रखा है और चोट के कारण काफी समय तक मैदान से बाहर रहे टी नटराजन ने लखनऊ के खिलाफ तीन विकेट लेकर अपना योगदान दिया, जबकि मुकेश कुमार ने किफायती गेंदबाजी की। कुलदीप यादव और कप्तान अक्षर पटेल की स्पिन जोड़ी ने बीच के ओवरों में दबाव बनाए रखा, जिससे विरोधी टीम को कभी भी खुलकर खेलने का मौका नहीं मिला। दिल्ली की गेंदबाजों का सामना अब रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे बल्लेबाजों से होगा और इसलिए उन्हें अपनी गति में विविधता और स्पिन पर नियंत्रण रखने की जरूरत पड़ेगी। मुंबई इंडियंस पिछले कई वर्षों से आईपीएल में अच्छी शुरुआत नहीं कर पा रहा था लेकिन इस बार उसने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत हासिल करने पहले मैच में हार के 14 साल के सिलसिले को खत्म कर दिया जससे वह अधिक आत्मविश्वास के साथ इस मुकाबले में उतरेगा। रोहित ने 78 रन की तूफानी पारी खेलकर पुराने दिनों की याद दिला दी और टी20 क्रिकेट में शानदार वापसी की। उनके साथी सलामी बल्लेबाज रयान रिकेल्टन ने भी 81 रन की आक्रामक पारी खेलकर अच्छा सहयोग दिया। पूरी संभावना है कि वह टीम में अपनी जगह बरकरार रखेंगे। उन्हें अनुभवी क्विंटन डीकॉक की जगह टीम में शामिल किया गया था। मुंबई की गेंदबाजी की बात करें तो शार्दुल ठाकुर ने तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए, जबकि बुमराह और ट्रेंट बोल्ट ने कसी गेंदबाजी की। सूर्यकुमार की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मुंबई ने पिछले मैच में उनका इंपैक्ट कलियर के रूप में इस्तेमाल किया और यह देखना बाकी है कि क्या भारतीय टी20 टीम का कप्तान शनिवार को फिरोज शाह कोटला में पूरी भूमिका निभाने के लिए फिट हैं या नहीं। टीम इस प्रकार हैं: दिल्ली कैपिटल्स: अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, नितीश राणा, समीर रिज़वी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विप्रज निगम, मिचेल स्टार्क, त्रिपुराना विजय, डेविड मिलर, औकिब नबी डार, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, पृथ्वी साव, काइल जैमीसन, अजय जादव मंडल, टी नटराजन, माधव तिवारी, करुण नायर, साहिल पारख.
मुंबई इंडियंस: हार्दिक पंड्या (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, अथर्व अंकोलेकर, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, मयंक रावत, नमन धीर, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, तिलक वर्मा, अश्विनी कुमार, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, एएम गजनफर, मयंक मार्कंडेय, मोहम्मद इज़हार, रघु शर्मा। मैच दोपहर 3:30 बजे (भारतीय समयानुसार) शुरू होगा। भाषा पंतपंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
