गुरुग्राम, 26 मार्च (भाषा)हीरो इंडियन ओपन गोल्फ के पहले दिन बृहस्पतिवार को गत चैंपियन ईजेनियो चकार्रा पांच-अंडर 67 का स्कोर बनाकर तालिका में फ्रेडी स्कॉट से सिर्फ एक शॉट पीछे रहे।
सोमवार को अपना 26वां जन्मदिन मनाने वाले चकार्रा ने दो बोगी के मुकाबले सात बर्डी लगाई।
शानदार शुरुआत करने वाले फ्रेडी स्कॉट ने 14वें और 17वें होल पर बोगी के बावजूद 18वें होल पर आठवां बर्डी लगाकर एकल बढ़त बनाए रखी।
पहले दिन का कोर्स चुनौतीपूर्ण साबित हुआ और केवल 31 खिलाड़ी पार स्कोर से नीचे जा सके, जिनमें कोई भारतीय शामिल नहीं था।
भारतीय खिलाड़ियों में वीर अहलावत सबसे आगे रहे, जिन्होंने छह बर्डी, दो बोगी और दो डबल बोगी के साथ 72 का स्कोर बनाकर संयुक्त 32वें स्थान हासिल किया।
प्रायोजक के निमंत्रण पर खेल रहे 16 वर्षीय कार्तिक सिंह, ओम प्रकाश चौहान, क्षितिज नवेद कौल और मोहम्मद अजहर एक-ओवर 73 के स्कोर के साथ संयुक्त 41वें स्थान पर रहे।
हीरो ब्रांड दूत और अमेरिकी खिलाड़ी अक्षय भाटिया के लिए शुरुआत कठिन रही। शुरुआती नौ होल में आठ-ओवर स्कोर करने के बाद उन्होंने बैक नाइन में तीन-अंडर खेलकर कुल 77 का स्कोर किया।
भाटिया संयुक्त 98वें स्थान पर हैं और कट में बने रहने के लिए उन्हें दूसरे दिन बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
उन्होंने कहा, “खराब शुरुआत हुई, लेकिन बैक नाइन में तीन-अंडर खेलना अच्छा रहा। कोर्स चुनौतीपूर्ण है, फिर भी मैं हार नहीं मानूंगा।”
भाषा आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
