लखनऊ, 11 अक्टूबर (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक का मानना है कि भारतीय स्पिनरों के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों का संघर्ष करना अपवाद था और उन्होंने स्टीव स्मिथ तथा डेविड वार्नर जैसे खिलाड़ियों को इंडियन प्रीमियर लीग में धीमे गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते देखा है।
डिकॉक ने कहा कि चयनकर्ता केशव महाराज के साथ कलाई के स्पिनर तबरेज शम्सी को अंतिम एकादश में शामिल करके दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी को मजबूत करने के बारे में सोच रहे हैं लेकिन इकाना की नई पिच की अनिश्चित प्रकृति पर विचार करना होगा।
डिकॉक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘जाहिर तौर पर यह एक विचार रहा है कि चयनकर्ता क्या सोच रहे हैं लेकिन मैंने ऑस्ट्रेलियाई टीम में संघर्ष करते खिलाड़ियों को आईपीएल में स्पिनरों को ध्वस्त करते देखा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चेन्नई में स्पिन के अनुकूल विकेट था। मुझे लगता है कि अधिकांश अन्य टीमें भी संघर्ष करतीं क्योंकि भारतीयों के पास वास्तव में अच्छा स्पिन गेंदबाजी आक्रमण है। मैंने इनमें से कई लोगों के खिलाफ खेला हूं, वार्नर, स्मिथ जैसे खिलाड़ियों के खिलाफ। मार्नस (लाबुशेन), मैक्सी (ग्लेन मैक्सवेल), ये लोग सामान्य तौर पर स्पिन को बहुत अच्छा खेलते हैं।’’
आईपीएल के दौरान आलोचना के बाद विश्व कप से पहले इकाना पिच को फिर से तैयार किया गया था। ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबले से पहले नहीं पता कि यह पिच कैसे बर्ताव करेगी।
डिकॉक ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह सिर्फ एक मैच था, मैं इसे ऐसे ही देखता हूं। विशेष रूप से यहां लखनऊ में मुझे नहीं पता कि हमें कैसा विकेट मिलेगा। मैंने आईपीएल के दौरान विभिन्न प्रकार के विकेट देखे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पिन के अनुकूल विकेट के बजाय तेज गेंदबाजी के अनुकूल विकेट हो सकता है। इसलिए हम कल देखेंगे।’’
विश्व कप के पहले मैच में डिकॉक, रेसी वान डेर डुसेन और एडेन मार्कराम के शतकों से दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 102 रन से हराकर शानदार शुरुआत की।
भाषा सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
