चेन्नई, 16 मार्च (भाषा) इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज जेम्स फोस्टर को इंडियन प्रीमियर लीग के आगामी टूर्नामेंट से पहले सोमवार को चेन्नई सुपरकिंग्स का क्षेत्ररक्षण कोच नियुक्त किया गया।
फोस्टर न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग के नेतृत्व वाले सुपरकिंग्स के कोचिंग स्टाफ में शामिल होंगे जिसमें माइकल हसी बल्लेबाजी कोच और एरिक सिमंस गेंदबाजी कोच के रूप में काम करेंगे।
इंग्लैंड के लिए 45 वर्षीय फोस्टर ने 2001 से 2009 के बीच सात टेस्ट, 11 वनडे और पांच टी20 मैच खेले।
उन्होंने इस साल की शुरुआत में डेजर्ट वाइपर के साथ आईएलटी20 खिताब जीतने के अलावा इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की टीम के साथ कोचिंग स्टाफ के सदस्य के रूप में काम किया है। वह द हंड्रेड में बर्मिंघम फीनिक्स के सहायक कोच भी हैं।
सुपरकिंग्स ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘हमारे क्षेत्ररक्षण कोच जेम्स फोस्टर को नमस्ते कहो! इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर और दुनिया भर की टीम के साथ काम करने के अनुभव वाले कोच, वह अब गर्व के साथ इस नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं।’’
सीएसके आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ करेगा।
भाषा सुधीर पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
