हैदराबाद, 22 सितंबर (भाषा) भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यहां 25 सितंबर को होने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के टिकट खरीदने को लेकर जिमखाना मैदान पर गुरुवार को अफरा-तफरी का माहौल बन गया जिसमें चार लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि धक्का-मुक्की होने के कारण कुछ लोग असहज महसूस करने लगे जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थी। घायलों में दो महिलायें शामिल थी जिनकी स्थिति अब अच्छी है । उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी ।
मैच के टिकट खरीदने के लिए करीब 15000 क्रिकेट प्रेमी जिमखाना मैदान पर पहुंचे हुए थे और पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कुछ क्रिकेट प्रेमियों ने बताया कि वह टिकट खरीदने के लिए तड़के ही जिमखाना मैदान पहुंच गए थे।
तेलंगाना के खेलमंत्री वी श्रीनिवास गौड ने कल कहा था कि टिकटों की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने सरकारी अधिकारियों और हैदराबाद क्रिकेट संघ के अध्यक्ष तथा भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन से भी मुलाकात की ।
गौड़ ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिये टिकटों की बिक्री के लिये पारदर्शी और अच्छी व्यवस्था होनी चाहिये ।
मीडिया रपटों में कहा गया कि हैदराबाद में दो साल बाद अंतरराष्ट्रीय मैच होने के कारण टिकटों को लेकर अफरातफरी मची ।
भाषा
मोना आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
