scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमखेलकप्तान ब्रूक को बटलर से टूर्नामेंट के निर्णायक चरण में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद

कप्तान ब्रूक को बटलर से टूर्नामेंट के निर्णायक चरण में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद

Text Size:

पाल्लेकल, 22 फरवरी (भाषा) जोस बटलर लय की तलाश में है लेकिन इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने इसे लेकर ज्यादा चिंता जताये बिना पूर्व कप्तान को ‘पावरहाउस’ करार देते हुए भरोसा जताया कि टी20 विश्व कप के निर्णायक चरण में वह जोरदार अंदाज में वापसी करेंगे।

विश्व कप (2022) विजेता कप्तान का मौजूदा टूर्नामेंट में खराब दौर जारी रहा और वह रविवार को यहां सुपर-आठ मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ सात रन बनाकर आउट हो गए। वह टूर्नामेंट में तीसरी बार दो अंकों के आंकड़े में पहुंचने में नाकाम रहे। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर नेपाल के खिलाफ 26 रन रहा है।

बटलर ने इस प्रारूप में अपना पिछला अर्धशतक पिछले साल सितंबर में दक्षिण अफ्रीका के खलाफ लगाया था।

इंग्लैंड की 51 रन की जीत के बाद पुरस्कार समारोह में ब्रूक ने कहा, “मुझे कोई चिंता नहीं है। वह पावरहाउस हैं, वह सीमित ओवरों में संभवतः हमारे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी है। इस समय उनमें थोड़ा आत्मविश्वास की कमी है, लेकिन मैं चाहूंगा कि वह टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ जोरदार प्रदर्शन करें।”

टूर्नामेंट के सह-मेजबान श्रीलंका ने इंग्लैंड को नौ विकेट पर 146 रन पर रोका दिया था, लेकिन जवाब में उसकी पारी 95 रन पर सिमट गयी। यह इस सत्र में टीम का न्यूनतम स्कोर है।

अपना 27 वां जन्मदिन बना रहे ब्रूक ने इसे अपने लिए ‘ जन्मदिन का बेहतरीन उपहार’ करार दिया।

उन्होंने कहा, “ जन्मदिन का शानदार तोहफा। उन्हें 100 (95) रन पर आउट करना बेहतरीन प्रयास था।”

इंग्लैंड की टीम ने विश्व कप से पहले श्रीलंका में सीमित ओवरों की श्रृंखला खेली थी और टीम को इसका फायदा मिला।

ब्रूक ने कहा, ‘‘हम जानते थे कि स्पिन अहम भूमिका निभाएगी। विल जैक्स अपने आउट होने से नाराज थे और उन्होंने कहा कि वह गुस्से में बेहतर गेंदबाजी करते हैं। लाइन में ज्यादा बदलाव की जरूरत नहीं थी, गति अहम थी। हमने परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढाला। हमें लगता है कि हम किसी भी पिच पर खेल सकते हैं।”

इंग्लैंड अब ग्रुप-2 में शीर्ष पर है और सुपर आठ के अपने शेष मुकाबलों में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। दूसरी ओर तालिका में सबसे नीचे चल रही श्रीलंका की राह मुश्किल हो गई है, जिसे अब न्यूजीलैंड और पाकिस्तान से खेलना है।

श्रीलंकाई कप्तान दासुन शनाका ने हालांकि सकारात्मक पहलुओं पर जोर देते हुए कहा, ‘‘यह निराशाजनक है, लेकिन गेंदबाजी में कई सकारात्मक बातें रहीं। हमने उन्हें कम स्कोर पर रोका। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘ यह बल्लेबाजों के लिए एक निराशाजनक मैच था। शीर्ष चार बल्लेबाजों ने हाल में अच्छा प्रदर्शन किया है और हमें भरोसा है कि वे वापसी करेंगे। पिच पहले धीमी थी, लेकिन शाम में बेहतर हो गयी थी। हमने खराब बल्लेबाजी की।’’

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments