scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमखेलभुल्लर ने इंडोनेशिया मास्टर्स गोल्फ में आठ अंडर 63 के कार्ड के साथ शानदार शुरुआत की

भुल्लर ने इंडोनेशिया मास्टर्स गोल्फ में आठ अंडर 63 के कार्ड के साथ शानदार शुरुआत की

Text Size:

जकार्ता, 16 नवंबर (भाषा) भारत के शीर्ष गोल्फ खिलाड़ी गगनजीत भुल्लर ने बोगी रहित आठ अंडर 63 के कार्ड के साथ बीएनआई इंडोनेशिया मास्टर्स में शानदार शुरुआत की।

अपने करियर में एशियाई टूर पर 10 में से चार खिताब इंडोनेशिया में जीतने में वाले भुल्लर शुरुआती दौर के बाद हमवतन हनी बैसोया, थाईलैंड के फाचरा खोंगवातमी और अमेरिका के पॉल पेटरसेन से दो शॉट आगे शीर्ष स्थान पर है। इन तीनों खिलाड़ियों ने 65 का कार्ड खेला।

इंडोनेशिया में भुल्लर की पिछली जीत प्रेसिडेंट इंविटेशनल (2009) और 2013, 2016 और 2022 में इंडोनेशिया ओपन में हुई थी।

भुल्लर ने 10वें होल से खेल शुरू किया। उन्होंने 10वें, 17वें और 18वें होल में बर्डी करने के बाद फ्रंट नाइन में तीसरे, चौथे, छठे, आठवे और नौवे होल में बर्डी लगायी।

भारत के पांच खिलाड़ी करणदीप कोचर, एसएसपी चौरसिया, वीर अहलावत, राशिद खान और यशस चंद्रा ने दो-अंडर 69 का कार्ड खेला और ये सभी संयुक्त रूप से 30वें स्थान पर है।

अजितेश संधू (70) संयुक्त 51वें स्थान पर हैं जबकि एस चिक्कारंगप्पा (71) संयुक्त रूप से 69 वें स्थान पर हैं।

अनुभवी अनिर्बान लाहिड़ी दो-ओवर 73 के बाद संयुक्त रूप से 94वें जबकि चोट से जूझ रहे शिव कपूर छह ओवर 77 का स्कोर ही बना सके।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments