scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमखेलबेंगलुरु एफसी के खिलाड़ी वेतन में कटौती के लिए तैयार

बेंगलुरु एफसी के खिलाड़ी वेतन में कटौती के लिए तैयार

Text Size:

नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) भारत के दिग्गज सुनील छेत्री सहित बेंगलुरु एफसी के खिलाड़ियों ने 14 फरवरी से शुरू होने वाले इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के छोटे सत्र के लिए वेतन में कटौती स्वीकार कर ली है। क्लब के मालिक पार्थ जिंदल ने फ्रेंचाइजी और खेल के सर्वश्रेष्ठ हित में ‘बलिदान’ देने के लिए फुटबॉलरों की तारीफ की।

जिंदल ने कहा कि क्लब प्रबंधन ने सीनियर टीम के सभी खिलाड़ियों के साथ खेल की मौजूदा स्थिति से निपटने के बारे में बातचीत की।

चार महीने से अधिक समय से रुका हुआ आईएसएल 14 फरवरी से शुरू होगा लेकिन इसमें नियमित सत्र से कम मुकाबले खेले जाएंगे।

जिंदल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हर कोई जानता है कि भारतीय फुटबॉल किस मुश्किल दौर से गुजर रहा है। मेरे लिए बीएफसी टीम के मालिक और खेल तथा क्लब के प्रति गहरे जुनूनी व्यक्ति के तौर पर यह अब तक के सबसे कठिन दौर में से एक रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सीनियर टीम के सभी खिलाड़ियों का शुक्रगुजार हूं जिन्होंने इस दौर में अपना वेतन कम करने पर सहमति जताई है।’’

जिंदल ने कहा, ‘‘इसमें कोई शक नहीं कि यह हमारे क्लब के लिए सबसे मुश्किल फैसलों में से एक था और मैं इस बात की तारीफ करता हूं कि खिलाड़ियों ने क्लब और खेल के बेहतर भविष्य के लिए यह कुर्बानी दी है।’’

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments