scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमखेलऑस्ट्रेलिया टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन की गहन समीक्षा करेगा

ऑस्ट्रेलिया टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन की गहन समीक्षा करेगा

Text Size:

मेलबर्न, 19 फरवरी (भाषा) पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया टी20 विश्व कप में अपनी टीम के निराशाजनक प्रदर्शन की गहन समीक्षा करेगा।

कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के चोटिल होने के कारण ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत और श्रीलंका में खेले जा रहे टी20 विश्व कप के सुपर आठ जगह नहीं बना पाई। उसे जिम्बाब्वे और श्रीलंका से हार का सामना करना पड़ा। वह अपना आखिरी मैच शुक्रवार को ओमान के खिलाफ खेलेगा लेकिन इसका अब कोई महत्व नहीं रह गया है।

जिम्बाब्वे और श्रीलंका सुपर आठ में पहुंच गए हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया 2009 के बाद पहली बार ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाया है।

चयनकर्ता टोनी डोडेमाइड ने कहा कि खिलाड़ियों के स्वदेश लौटने के बाद प्रदर्शन की गहन समीक्षा की जाएगी।

क्रिकेट डॉट कॉम एयू के अनुसार डोडेमाइड ने कहा, ‘‘टूर्नामेंट में जिस तरह से हमारा प्रदर्शन रहा, वह वास्तव में निराशाजनक है। लेकिन अभी हम इंतजार करेंगे। हमारे लिए यह महत्वपूर्ण है कि हम ओमान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करें। हमारी टीम जब वापस आएगी तो हम उसके प्रदर्शन का गहन विश्लेषण करेंगे।’’

चोटिल होने के कारण पैट कमिंस और जोश हेज़लवुड के टूर्नामेंट से बाहर होने के कारण टीम अपने मुख्य तेज गेंदबाजी आक्रमण के बिना खेल रही थी, जबकि मिचेल स्टार्क टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।

टूर्नामेंट के दौरान कप्तान मिचेल मार्श पहले दो मैच में नहीं खेल पाए थे, जिससे टीम का संतुलन काफी हद तक बिगड़ गया।

अगला टी20 विश्व कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेला जाएगा।

डोडेमाइड ने कहा, ‘‘हम हर विश्व कप जीतना चाहते हैं, चाहे वह कहीं भी हो। अगला विश्व कप घरेलू मैदान पर है। हम घरेलू मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। अभी हमारा ओमान के खिलाफ मैच है और हम इसे शानदार तरीके से समाप्त करना चाहते हैं।’’

भाषा

पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments