scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमखेलएशियाई कुश्ती: स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे ललित, अमन और सुनील कांस्य पदक की दौड़ में

एशियाई कुश्ती: स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे ललित, अमन और सुनील कांस्य पदक की दौड़ में

Text Size:

नयी दिल्ली, छह अप्रैल (भाषा) अंडर-23 एशियाई चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता ललित ने किर्गिस्तान के बिश्केक में चल रही एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में सोमवार को पुरुषों के 55 किग्रा ग्रीको रोमन वर्ग में चीन के हुओयिंग शी को हराकर स्वर्ण पदक के मुकाबले में जगह बनाई।

तेइस वर्षीय ललित ने सेमीफाइनल में हुओयिंग शी को 11-3 से हराया।

प्रतियोगिता के पहले दिन हालांकि भारतीय टीम के लिए नतीजे मिश्रित रहे जब अमन (77 किग्रा, ग्रीको रोमन) और पूर्व चैंपियन सुनील कुमार (87 किग्रा, ग्रीको रोमन) अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले हार गए। ये दोनों मंगलवार को कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगे।

ललित फाइनल में 2025 एशियाई चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता उज्बेकिस्तान के इख्तियार बोतिरोव से भिड़ेंगे। बोतिरोव ने दूसरे सेमीफाइनल में उलान उलू को 5-3 से हराया था।

अमन को 77 किग्रा ग्रीको रोमन सेमीफाइनल में ईरान के अली ओस्कू ने 13-3 से हराया। क्वार्टर फाइनल में चीन के हलीशान बाहेजियांग के खिलाफ 1-4 से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 6-4 से जीत दर्ज करने वाला यह भारतीय पहलवान अब कांस्य पदक के मुकाबले में दक्षिण कोरिया के येओनघुन नोह का सामना करेगा।

वर्ष 2020 के एशियाई चैंपियन सुनील कुमार इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप में अपना चौथा पदक जीतने की कोशिश करेंगे लेकिन यह स्वर्ण पदक नहीं होगा। वह 87 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में ईरान के गुलामरेजा फारोखिसेनजानी के खिलाफ 0-8 से हार गए।

दूसरी तरफ 65 किग्रा ग्रीको रोमन भार वर्ग में सनी कुमार क्वालीफिकेशन दौर में कजाखस्तान के सैफुल्ला कुरमान के खिलाफ हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

पुरुषों के 130 किग्रा ग्रीको रोमन वर्ग में जोगिंदर राठी क्वार्टरफाइनल में दक्षिण कोरिया के मिनसियोक किम से हार गए। इसके बाद कोरियाई पहलवान सेमीफाइनल में ईरान के मिर्जाजादेह से हार गया जिससे इस भारतीय पहलवान की रेपचेज दौर में पहुंचने की उम्मीद भी खत्म हो गई।

मंगलवार को पांच और भारतीय पहलवान साहिन (60 किग्रा), सचिन सहरावत (67 किग्रा), अनिल (72 किग्रा), प्रिंस (82 किग्रा) और नितेश (87 किग्रा) ग्रीको रोमन वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments