scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमखेलएशियाई हॉकी महासंघ के सीईओ तैयब इकराम एफआईएच अध्यक्ष बने

एशियाई हॉकी महासंघ के सीईओ तैयब इकराम एफआईएच अध्यक्ष बने

Text Size:

लुसाने, पांच नवंबर ( भाषा ) एशियाई हॉकी महासंघ के सीईओ मकाऊ के मोहम्मद तैयब इकराम को शनिवार को अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ( एफआईएच ) का नया अध्यक्ष चुना गया जो भारत के नरिंदर बत्रा की जगह लेंगे ।

इकराम ने बेल्जियम के मार्क कूड्रोन को यहां आनलाइन हुई एफआईएच की 48वीं कांग्रेस में 79 . 47 से हराया ।

कुल 129 राष्ट्रीय संघों में से 126 ने वैध मत डाले ।

इकराम का कार्यकाल दो साल का होगा ताकि वह पूर्व अध्यक्ष बत्रा का कार्यकाल पूरा कर सकें । बत्रा ने 18 जुलाई को इस्तीफा दिया था ।

सैफ अहमद तभी से एफआईएच के कार्यवाहक अध्यक्ष थे । दिल्ली उच्च न्यायालय ने बत्रा को भारतीय ओलंपिक संघ के प्रमुख के रूप में काम करने से रोक दिया था ।

बत्रा 2016 में एफआईएच अध्यक्ष बने और जुलाई में उन्होंने इस्तीफा दिया । उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की सदस्यता भी छोड़ दी ।

त्रिनिदाद और टोबैगो के मौरीन क्रेग रोसीयू और घाना की एलिजाबेथ सफोआ किंग को फिर एफआईएच कार्यकारी बोर्ड में चुना गया । जापान के हिरोया अंजाइ, पोलैंड के पी विल्कोंस्की और दक्षिण अफ्रीका के डियोन मोर्गन को पहली बार इसमें जगह मिली ।

चुनाव के बाद इकराम ने कहा कि उनकी प्राथमिकता खेल का विकास और खिलाड़ियों की भलाई होगी ।

उन्होंने कहा ,‘‘ मेरा विजन स्पष्ट है कि खेल का विकास हो , राष्ट्रीय संघों की भागीदारी बढे और सभी सदस्यों तथा हितधारकों में मजबूत तालमेल हो ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ हमें खिलाड़ियों के लिये पेशेवर ढांचा बनाना है । खिलाड़ी मेरी प्राथमिकता हैं ।’’

अपने सामने सबसे बड़ी चुनौती के बारे में इकराम ने कहा ,‘‘ इस समय वैश्विक अर्थव्यवस्था जो सब पर सबसे बड़ा प्रश्नचिन्ह है । हमें इन चुनौतियों का सामना संभलकर करना है । वित्त को लेकर दमदार रणनीति बनानी होगी । अपने साझेदारों और हितधारकों के लिये नये आयाम तलाशने होंगे ।’’

भाषा मोना नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments