नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) ओलंपियन इलावेनिल वलारिवन और अर्जुन बबूता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को यहां एशियाई चैंपियनशिप (राइफल और पिस्टल) में 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया जिससे भारतीय निशानेबाजों का दबदबा लगातार बना रहा।
भारत की जीत की लय जारी रखते हुए हिमांशु ढिल्लों और शांभवी क्षीरसागर ने इसी स्पर्धा के जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
महिलाओं की एयर राइफल स्पर्धा में शनिवार को स्वर्ण जीत चुकी इलावेनिल ने चार टीम के फाइनल में 24 शॉट में 253.4 का स्कोर किया जबकि बबूता ने पदक दौर में खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी करते हुए 251.6 अंक जुटाए जिससे जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता।
इलावेनिल और बबूता ने मिलकर 505.0 अंक बनाए जिससे वे दक्षिण कोरिया की यूनजी क्वोन और किम वूरिम (501.0) से चार अंक आगे रहे जिन्हें रजत पदक मिला। जापान की मिसाकी नोबाटा और नाओया ओकाडा की जोड़ी ने 437.1 अंक से कांस्य पदक जीता।
भारतीय जोड़ी ने क्वालीफिकेशन में भी अपना दबदबा बनाते हुए 632.8 के कुल स्कोर से पहला स्थान हासिल किया।
हिमांशु और शांभवी ने शनिवार को अपनी व्यक्तिगत सफलताओं के बाद मिश्रित टीम स्वर्ण पदक भी जीता। उन्होंने फाइनल में 502.4 का स्कोर बनाया जो एशियाई जूनियर रिकॉर्ड है।
भारतीय जोड़ी ने कजाखस्तान की अलीना सतपायेवा और तामेरलान काबुलोव (488.6) से 13.8 अंक की बढ़त के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि मालदीव की ईशा शहीद और माईध मोहम्मद को कांस्य पदक मिला।
रियो ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा में भारत ने तीनों पदक अपने नाम किए जिसमें हर्ष गुप्ता ने रजत और अमनप्रीत सिंह ने कांस्य पदक जीता।
भारतीय युवा निशानेबाजों का दबदबा इस स्पर्धा में भी जारी रहा। सूरज शर्मा, मुकेश नेलावल्ली और तनिष्क मुरलीधर नायडू ने क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। सीनियर और जूनियर दोनों टीम ने अपने वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की शानदार सफलता का नजारा पेश किया।
रविवार को 25 मीटर पिस्टल का प्रिसीजन चरण खत्म हुआ जिसमें ईशा सिंह 295 अंक से शीर्ष पर रहीं जबकि मनु भाकर 291 अंक के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
भारत की तीसरी प्रतिभागी रिदम सांगवान 285 अंक के साथ 13वें स्थान पर हैं।
अब सभी की निगाहें सोमवार को होने वाले रैपिड-फायर चरण और फाइनल मुकाबलों पर टिकी हैं।
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
