scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमखेलएशियाड चैम्पियन जॉनसन ने हांगझोउ खेलों से पहले सत्र का सर्वश्रेष्ठ समय निकाला

एशियाड चैम्पियन जॉनसन ने हांगझोउ खेलों से पहले सत्र का सर्वश्रेष्ठ समय निकाला

Text Size:

चंडीगढ़, 10 सितंबर (भाषा) एशियाई खेलों के चैंपियन जिन्सन जॉनसन ने रविवार को यहां ‘इंडियन ग्रां प्री पांच’ में 1500 मीटर दौड़ में सत्र के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ जीत दर्ज की जबकि किशोर कुमार जेना भाला फेंक स्पर्धा में अव्वल रहे।

बत्तीस साल के जॉनसन हांग्झोउ में अपने एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेंगे। उन्होंने यहां सेक्टर सात खेल परिसर में नवनिर्मित आठ-लेन 400 मीटर ट्रैक पर 1500 मीटर की दौड़ को तीन मिनट 39.32 सेकंड में पूरा किया।

जॉनसन और अजय कुमार सरोज 23 सितंबर से शुरू होने वाले एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एथलेटिक्स प्रतियोगिता 29 सितंबर से शुरू होगी।

जॉनसन का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय तीन मिनट 35.24 सेकेंड है। उन्होंने 2019 में बर्लिन में इस समय के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था।

असम के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अमलान बोरगोहेन (10.57 सेकेंड) को 100 मीटर दौड़ में पंजाब के हरजीत सिंह (10.55 सेकेंड) ने पछाड़ा।

पिछले महीने विश्व चैंपियनशिप में पांचवें स्थान पर रहने वाले ओडिशा के भाला फेंक खिलाड़ी जेना ने 82.53 मीटर के प्रयास के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश के विकास यादव 72.88 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

दिल्ली के अमोज जैकब 400 मीटर दौड़ में 45.92 सेकंड के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।

जैकब उस भारतीय चार गुणा 400 मीटर रिले चौकड़ी का हिस्सा थे जिसने पिछले महीने विश्व चैंपियनशिप में एशियाई रिकॉर्ड तोड़ा था।

महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में तमिलनाडु की आर विथ्या रामराज का दबदबा रहा, जिन्होंने 52.40 सेकंड का समय निकाला। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

  एशियाई 100 मीटर बाधा दौड़ चैंपियन ज्योति याराजी ने पहली बार 400 मीटर में खुद का परीक्षण किया। वह 53.91 सेकेंड का समय लेकर अपने ग्रुप में छठे स्थान पर रहीं। 400 मीटर दौड़ का आयोजन पांच समूहों में हुआ।

भाषा आनन्द मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments