रायपुर, 30 मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश की मध्यम दूरी की धाविका नेदी एंजी ने खेलो इंडिया ट्राइबल खेलों (केआईटीजी) के महिला 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि पुरुष वर्ग में शीर्ष दो स्थानों पर महाराष्ट्र के खिलाड़ियों ने दबदबा कायम किया।
बारिश के कारण एथेलेटिक्स में शाम के सत्र का खेल संभव नहीं हुआ।
नेदी ने अंतिम लैप तक खुद को नियंत्रित रखा और आखिरी 200 मीटर में फर्राटा दौड़ लगाकर 18:24.66 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। पुरुष वर्ग में महाराष्ट्र के गोविंद पडकेर (15:11.35 सेकंड) और सूरज मशी (15:11.64 सेकंड) ने संतुलित गति बनाए रखी और क्रमशः स्वर्ण तथा रजत पदक अपने नाम किए।
नेदी की यह जीत अरुणाचल प्रदेश को पदक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंचाने में मददगार रही। प्रदेश के खाते में अब छह स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक हैं।
कर्नाटक ने अंबिकापुर में कुश्ती के मैट से दो स्वर्ण पदक जीतकर तालिका में अपनी बढ़त बनाए रखी। पहलवान रोहन डोड्डमानी ने राजस्थान के दिनेश सोलंकी को 60 किलोग्राम ग्रीको-रोमन फाइनल में तकनीकी श्रेष्ठता से हराकर कर्नाटक को कुश्ती का पहला स्वर्ण दिलाया। इसके बाद मनीषा ने हिमाचल प्रदेश की मुस्कम को 12-8 अंक से पराजित कर दिन का समापन किया। कर्नाटक अब कुल 17 स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य पदक के साथ तालिका में शीर्ष पर है।
ओडिशा दूसरे स्थान पर बना हुआ है, जिसके खाते में नौ स्वर्ण, चार रजत और दस कांस्य पदक हैं।
बिहार के मुलायम खरवार ने पुरुष 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल फाइनल में राजस्थान के राकेश मीना को हराकर राज्य का पहला स्वर्ण पदक जीता। कर्नाटक के केवी केम्प्पन्नावर ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
रायपुर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में ओडिशा ने सेमीफाइनल में मध्य प्रदेश को 8-0 से हराकर फाइनल में मिजोरम से भिड़ने का रास्ता बनाया। मिजोरम ने झारखंड को 3-2 से मात दी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
