scorecardresearch
Saturday, 21 November, 2026
होमखेललगातार दूसरी बार विश्व स्नूकर चैंपियन बनीं अनुपमा ने कहा,‘‘खिताब बचाना जीत से भी ज्यादा खास’’

लगातार दूसरी बार विश्व स्नूकर चैंपियन बनीं अनुपमा ने कहा,‘‘खिताब बचाना जीत से भी ज्यादा खास’’

Text Size:

इंदौर (मध्यप्रदेश), 21 नवंबर (भाषा) भारत की अनुपमा रामचंद्रन ने लगातार दूसरी बार आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप की विजेता बनने के बाद शनिवार को कहा कि खिताब का बचाव करना पहली बार इसे जीतने से भी ज्यादा खास है और भारत में घरेलू मैदान पर ऐसा करना उनके लिए बेहद यादगार अनुभव रहा।

अनुपमा ने यहां यशवंत क्लब में खेली गई स्पर्धा के फाइनल में हांगकांग चीन की सो मैन यान को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही, वह लगातार दो बार विश्व स्नूकर चैंपियनशिप जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं।

जीत के बाद अनुपमा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा,‘‘खिताब जीतना अपने आप में बेहद खास है, लेकिन उसका बचाव करना उससे भी ज्यादा खास है। भारत में अपने घरेलू मैदान पर खिताब जीतना इसे और खास बना देता है।’’

उन्होंने कहा कि फाइनल में पहला फ्रेम गंवाने के बाद उन्होंने खुद को इस स्थिति से उबारते हुए मुकाबले में वापसी की।

अनुपमा ने कहा कि वह अब आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में खेलने की तैयारी करेंगी और इस स्पर्धा में भागीदारी को लेकर उत्साहित हैं।

अनुपमा को खिताबी जीत के लिए 4,000 डॉलर मिले।

पुरुष वर्ग के फाइनल में ईरान के अली घराहगोजलू ने हांगकांग चीन के टैम युन फुंग को 5-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

पुरस्कार वितरण समारोह के बाद घराहगोजलू ने कहा, ‘‘मैंने फाइनल के दौरान मन ही मन कहा कि मुझे यह खिताब जीतना ही है। इस तरह मैंने खुद को जीत के लिए प्रोत्साहित किया।’’

सेमीफाइनल में भारत के पंकज आडवाणी को 5-3 से हराने वाले ईरान के इस खिलाड़ी ने फाइनल में भी यादगार प्रदर्शन किया। उन्होंने खिताब के साथ 10,000 डॉलर की पुरस्कार राशि भी अपने नाम की।

दिग्गज क्यू स्पोर्ट्स खिलाड़ी आडवाणी बिलियर्ड्स और स्नूकर में कुल 29 विश्व खिताब जीत चुके हैं। हालांकि, आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में वह तीसरे स्थान पर रहे और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

आडवाणी ने कहा,‘‘खेल में हार-जीत लगी रहती है। ईरान के अली घराहगोजलू ने शानदार खेल दिखाया और मैं उन्हें खिताबी जीत की बधाई देता हूं।’’ भाषा हर्ष

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments