scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमखेलआंध्र प्रदेश के मंत्री ने सरकारी स्कूल का दौरा करने पर महान फुटबॉलर बेकहम का आभार जताया

आंध्र प्रदेश के मंत्री ने सरकारी स्कूल का दौरा करने पर महान फुटबॉलर बेकहम का आभार जताया

Text Size:

अमरावती, 27 नवंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मानव संसाधन विकास मंत्री नारा लोकेश ने बृहस्पतिवार को महान फुटबॉलर सर डेविड बेकहम का राज्य के एक सरकारी स्कूल का दौरा करने और छात्रों से बातचीत करने के लिए आभार व्यक्त किया।

लोकेश ने बताया कि ब्रिटिश फुटबॉलर बुधवार को विशाखापत्तनम (विजाग) पहुंचे और एक सरकारी स्कूल का दौरा किया।

उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘विजाग के पास कोठावालसा स्थित हमारे सरकारी आवासीय विद्यालय का दौरा करने के लिए महान फुटबॉलर और ‘यूनीसेफ इंडिया के गुडविल एम्बेसडर’ डेविड बेकहम का धन्यवाद। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपकी बातचीत, प्रोत्साहन और आपकी ऊर्जा ने हमारी कक्षाओं और खेल मैदान को रोशन कर दिया। ’’

लोकेश ने कहा कि छात्र बेहद उत्साहित थे क्योंकि उन्होंने ‘बेंड इट लाइक बेकहम’ के गुर सीखे जिन्हें वे जीवनभर याद रखेंगे।

उन्होंने बेकहम के छात्रों से मिलने वाला एक वीडियो भी साझा किया और कहा, ‘‘हम बच्चों के सपनों और उनकी शिक्षा के प्रति आपकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हैं। ’’

वीडियो में बेकहम कहते हैं, ‘‘जैसा कि आप देख सकते हैं, मैं भारत में हूं और आज मैं स्कूल जा रहा हूं। ’’

वीडियो में वह छात्रों को अपने फुटबॉल कौशल दिखाते हुए और उनके साथ फुटबॉल खेलते हुए दिखाई दे रहे हैं।

बेकहम ने कहा कि छात्राओं ने उनका स्वागत नृत्य से किया, पेड़ लगाए और फुटबॉल मैचों में भी हिस्सा लिया।

भाषा नमिता पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments