scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमखेलअनंतजीत और राइजा का निशानेबाजी ट्रायल में शानदार प्रदर्शन

अनंतजीत और राइजा का निशानेबाजी ट्रायल में शानदार प्रदर्शन

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ दिसंबर (भाषा) हांग्झोऊ एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता अनंतजीत सिंह नरूका पुरुष स्कीट राष्ट्रीय चयन ट्रायल एक में शुक्रवार को यहां कर्णी सिंह परिसर में पुरुष वर्ग में शीर्ष स्थान पर रहे जबकि महिलाओं में राइजा ढिल्लों ने राष्ट्रीय चैंपियन गनीमत सेखों को पछाड़ कर यह स्थान हासिल किया।

राजस्थान के अनंतजीत और हरियाणा की राइजा ने 60 निशाने के फाइनल में एक समान 58 क्ले पर सटीक निशाने के साथ जीत दर्ज की।

अनंतजीत इससे पहले 40 खिलाड़ियों के क्वालीफाइंग में 125 में से 121 अंक के साथ शीर्ष स्थान पर रहे थे।

छह खिलाड़ियों के फाइनल में वह पहला निशाना चूक गये लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए शीराज शेख (56) को पीछे छोड़ा। गुरजोत खांगुरा शुरुआती 50 प्रयास में से 45 सटीक निशाने के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

महिलाओं के क्वालीफिकेशन में राइजा का दबदबा रहा। वह 122 के स्कोर के साथ शीर्ष पर रहते हुए छह खिलाड़ियों के फाइनल में पहुंची।

इस वर्ग में देश की शीर्ष निशानेबाज गनीमत ने क्वालीफिकेशन में 120 सटीक निशाने लगाये। वह फाइनल में भी राइजा के 58 के मुकाबले 54 निशाने ही लगा सकी। राजस्थान की महेश्वरी चौहान 43 (शुरुआती 50 प्रयास) के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रही।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments