scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमखेलअजिंक्य रहाणे आईपीएल मैच की दूसरी पारी में लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर निकले

अजिंक्य रहाणे आईपीएल मैच की दूसरी पारी में लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर निकले

Text Size:

मुंबई, 29 मार्च (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान अजिंक्य रहाणे को रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मुकाबले की दूसरी पारी में मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।

रहाणे की गैरमौजूदगी में भारत के ऑलराउंडर रिंकू सिंह ने कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली। रिंकू को आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले उप-कप्तान बनाया गया था।

मुंबई इंडियंस के 221 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे ओवर के खत्म होने के बाद रहाणे मैदान पर गिर पड़े थे। टीम के फिजियोथेरेपिस्ट से इलाज मिलने के बावजूद यह 37 वर्षीय खिलाड़ी खेल जारी नहीं रख सका।

कुछ मिनट तक मैदान पर लेटे रहने के बाद केकेआर के कप्तान को उनके साथियों ने उठने में मदद की और कुछ देर तक तो उन्होंने मैदान से बाहर निकलने के लिए अपने दो साथियों के कंधों का सहारा भी लिया।

हालांकि बाद में रहाणे खुद ही चलकर मैदान से बाहर निकले, लेकिन वह लंगड़ा रहे थे। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि यह सिर्फ खिंचाव है, या फिर उनकी पिंडली की मांसपेशी या हैमस्ट्रिंग में कोई चोट लगी है।

रहाणे ने केकेआर की पारी की शुरूआत करते हुए क्रीज पर एक घंटे से ज्यादा समय बिताया। उन्होंने 40 गेंद में 67 रन की पारी खेली और 14वें ओवर में शार्दुल ठाकुर की गेंद पर आउट हुए।

भाषा नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments