scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमखेलअजिंक्य नाईक फिर एमसीए अध्यक्ष चुने गए, अन्य पदों के लिए चुनाव होंगे

अजिंक्य नाईक फिर एमसीए अध्यक्ष चुने गए, अन्य पदों के लिए चुनाव होंगे

Text Size:

मुंबई, 10 नवंबर (भाषा) अजिंक्य नाईक ने सोमवार को मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के अध्यक्ष का पद अपने पास बरकरार रखा क्योंकि चुनाव मैदान में उतरे सात अन्य उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए।

शीर्ष परिषद और पदाधिकारियों के अन्य पदों के लिए एमसीए चुनाव बुधवार को होंगे।

सोमवार को नामांकन वापस लेने का आखिरी दिन था।

नाईक ने नामांकन दाखिल किया था जबकि उन्हें भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और उसके सदस्य संघों के लिए उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त लोढ़ा समिति द्वारा पेश किए गए सुधारों के अनुसार एमसीए शीर्ष परिषद में लगातार छह साल पूरे करने के बाद तीन साल के अनिवार्य ब्रेक पर जाना था।

जिन उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया उनमें भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी प्रसाद लाड, शिवसेना (यूबीटी) एमएलसी मिलिंद नार्वेकर और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक जितेंद्र आव्हाड शामिल हैं।

आव्हाड और नार्वेकर दोनों एमसीए की निवर्तमान शीर्ष परिषद के सदस्य थे और उन्होंने अन्य पदों के लिए भी नामांकन दाखिल किया है।

नाम वापस लेने वाले अन्य उम्मीदवारों में पूर्व भारतीय महिला कप्तान डायना इडुल्जी, टी20 मुंबई लीग के निवर्तमान अध्यक्ष विहांग सरनाइक, सूरज समत और पूर्व संयुक्त सचिव शाहआलम शेख शामिल हैं।

पिछले साल नाईक 37 साल की उम्र में संजय नाईक को 107 मतों से हराकर एमसीए के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने थे।

सोमवार को चुनाव अधिकारी द्वारा जारी सूची के अनुसार आव्हाड उपाध्यक्ष पद के लिए नवीन शेट्टी के खिलाफ और उन्मेष खानविलकर एमसीए सचिव पद के लिए शाहआलम शेख के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।

संयुक्त सचिव पद के लिए नीलेश भोसले का सामना गौरव पय्यादे से होगा जबकि पूर्व समिति में कोषाध्यक्ष रहे अरमान मलिक इसी पद के लिए सुरेंद्र शेवाले के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।

राजदीप गुप्ता को टी20 मुंबई लीग में संचालन परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह इस लीग में नॉर्थ मुंबई पैंथर्स टीम के मालिक भी हैं।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments