scorecardresearch
Friday, 6 February, 2026
होमखेलएएफसी ने 2031 एशियाई कप की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी की पुष्टि की

एएफसी ने 2031 एशियाई कप की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी की पुष्टि की

Text Size:

कुआलालंपुर, चार फरवरी (भाषा) एशियाई फुटबॉल परिसंघ (एएफसी) ने बुधवार को 2031 में एशियाई कप की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी की पुष्टि की और देश को इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के लिए बोली लगाने वाले छह सदस्य देशों में शामिल किया।

संयुक्त अरब अमीरात फुटबॉल संघ ने बोली प्रक्रिया से अपना नाम वापस ले लिया था।

भारत अब बोली प्रक्रिया में ऑस्ट्रेलिया, इंडोनेशिया, कोरिया, कुवैत के साथ मुकाबला करेगा। इनके अलावा किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान की ओर से एक संयुक्त बोली भी इसमें शामिल है।

एएफसी ने एक बयान में कहा, ‘‘एएफसी एशियाई कप 2031 के लिए बोली प्रक्रिया पिछले साल पूरी हो गई थी और पूरे महाद्वीप में इसकी मेजबानी के लिए जबरदस्त दिलचस्पी दिखी। ’’

एएफसी ने कहा, ‘‘बोली के निमंत्रण 27 अगस्त 2025 को सदस्य संघों को भेजे गए थे जिसकी जमा करने की आखिरी तारीख 31 दिसंबर 2025 थी। ’’

पिछले साल अखिल भारतीय फुटबॉल महसंघ ने महाद्वीप के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के 2031 चरण की मेजबानी के लिए देश का ‘रूचि पत्र’ जमा किया था।

इसके तुरंत बाद खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने टूर्नामेंट के लिए भारत की बोली को सरकार का पूरा समर्थन दिया और कहा था कि बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी से देश की वैश्विक पहचान बढ़ेगी क्योंकि देश 2036 ओलंपिक की मेजबानी का लक्ष्य बना रहा है।

भारत ने कभी भी इस टूर्नामेंट की मेजबानी नहीं की है। जब प्रफुल्ल पटेल एआईएफएफ अध्यक्ष थे तब 2023 और 2027 चरण की मेजबानी के लिए बोली जमा की गई थी। लेकिन 2023 चरण के लिए बोली 2018 में वापस ले ली गई थी और 2027 टूर्नामेंट के मामले में भी ऐसा ही हुआ।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments