चेन्नई, 26 फरवरी (भाषा) हार्दिक पंड्या और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के अर्धशतक से भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर आठ मैच में बृहस्पतिवार को यहां जिम्बाब्वे के खिलाफ चार विकेट पर 256 रन बनाए जो टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा और मौजूदा टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर है।
पंड्या ने 23 गेंद में चार छक्कों और दो चौकों से नाबाद 50 रन की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (नाबाद 44, 16 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) के साथ पांचवें विकेट के लिए 31 गेंद में 84 रन की अटूट साझेदारी करके टीम का स्कोर 250 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
फॉर्म में वापसी करने वाले अभिषेक ने इससे पहले 30 गेंद में चार छक्कों और इतने ही चौकों से 55 रन की पारी खेलने के अलावा संजू सैमसन (24) के साथ पहले विकेट के लिए 48 और इशान किशन (38) के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी करने भारत को ठोस मंच दिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव (33) ने भी उपयोगी पारी खेली।
जिम्बाब्वे के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए। ब्लेसिंग मुजरबानी ने चार ओवर में 62 रन लुटाकर एक विकेट हासिल किया। ब्रेड इवांस ने भी चार ओवर में 52 रन खर्च किए जबकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 80 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की।
सैमसन ने नगारवा की मैच की दूसरी गेंद पर छक्के से खाता खोला और फिर ब्लेसिंग मुजरबानी (43 रन पर एक विकेट) पर भी छक्का जड़ा।
अभिषेक ने टिनोटेंडा मपोसा (40 रन पर एक विकेट) का स्वागत दो चौकों और एक छक्के से किया जिससे तीसरे ओवर में 23 रन बने।
सैमसन हालांकि मुजरबानी के अगले ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर रेयान बर्ल को कैच दे बैठे।
इशान ने भी नगारवा पर दो चौकों के साथ अच्छी शुरुआत की। अभिषेक ने ब्रेड इवांस और नगारवा पर भी छक्के जड़े।
इशान 10वें ओवर में 26 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब ब्रायन बेनेट की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलते हुए गेंद को हवा में लहरा गए लेकिन बाउंड्री पर ताशिंगा मुसेकिवा उनका कैच लपकने में नाकाम रहे। इसी गेंद पर भारत के रनों का शतक पूरा हुआ।
अभिषेक ने रजा (29 रन पर एक विकेट) की गेंद पर एक रन के साथ 26 गेंद में टूर्नामेंट का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया।
इशान ने भी रजा की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा लेकिन अगली गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर नगारवा को कैच दे बैठे।
सूर्यकुमार भी भाग्यशाली रहे जब इवांस की गेंद पर बैवर्ड स्क्वायर लेग पर मुजरबानी उनका कैच लपकने में नाकाम रहे।
सूर्यकुमार ने दूसरे स्पैल के लिए आए मपोसा का स्वागत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ किया लेकिन अभिषेक इसी ओवर में लॉन्ग ऑन पर रजा को कैच दे बैठे। उन्होंने 30 गेंद का सामना करते हुए चार छक्के और इतने ही चौके मारे।
बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए हार्दिक पंड्या ने रेयान बर्ल पर छक्के के साथ शुरुआत की।
सूर्यकुमार ने नगारवा पर छक्का जड़ा लेकिन एक गेंद बाद मुसेकिवा को कैच दे बैठे। उन्होंने 13 गेंद की अपनी पारी में दो छक्के और तीन चौके मारे।
तिलक वर्मा ने इवांस पर छक्के के साथ 17वें ओवर में भारत का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया। उन्होंने 18वें ओवर में मुजरबानी पर छक्का मारने के अलावा अगले ओवर में नगारवा पर लगातार दो छक्के जड़े।
पंड्या ने इवांस पर लगातार दो छक्कों के साथ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
