scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमखेलशारजाह में कोटरेल को जड़े पांच छक्कों से तेवतिया का आत्मविश्वास बढा : गावस्कर

शारजाह में कोटरेल को जड़े पांच छक्कों से तेवतिया का आत्मविश्वास बढा : गावस्कर

Text Size:

मुंबई, तीन मई ( भाषा ) महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि शारजाह में आईपीएल 2020 के दौरान शेल्डन कोटरेल को एक ओवर में पांच छक्के जड़ने से राहुल तेवतिया का आत्मविश्वास बढा कि वह इस तरह से खेल सकता है ।

तेवतिया गुजरात टाइटंस के लिये जबर्दस्त फॉर्म में हैं और कई मैचों में आखिरी ओवर में टीम को जीत दिला चुके हैं । भारत की टी20 टीम में उनके चयन का दावा पुख्ता माना जा रहा है ।

गावस्कर ने ‘स्टार स्पोटर्स’ से कहा ,‘‘ शारजाह में शेल्डन कोटरेल को जड़े छक्कों से तेवतिया का आत्मविश्वास बढा कि वह असंभव को संभव कर सकता है । हमने उसे नामुमकिन को मुमकिन करते देखा।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ डैथ ओवरों में उसकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास झलकता है । वह गेंद के आने का इंतजार करता है और अपने शॉट खेलता है । उसके पास सारे शॉट हैं लेकिन सबसे अहम संकट के क्षणों में आपा नहीं खोने का उसका गुण है ।’’

उन्होंने तेवतिया को ‘आइस मैन’ का उपनाम दिया है । उन्होंने कहा ,‘‘ मैं उसे आइस मैन इसलिये कहता हूं कि वह क्रीज पर होता है तो तनिक भी घबराता नहीं है । वह गेंद को भांप लेता है और उसे पता होता है कि कौन सा शॉट खेलना है ।’’

गावस्कर ने कहा ,‘‘ अपने दिमाग में वह तैयारी कर चुका होता है कि अगर गेंद यहां गिरेगी तो उसे यह शॉट खेलना है और हमेशा छक्का जड़ देता है । यही वजह है कि वह आइस मैन है क्योंकि वह हालात से भयभीत नहीं होता ।’’

भाषा मोना सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments