scorecardresearch
Tuesday, 27 October, 2026
होमरिपोर्टयुवा शिक्षा, नवाचार और उद्यमशीलता से देश-प्रदेश के विकास में योगदान दें: हरियाणा के राज्यपाल

युवा शिक्षा, नवाचार और उद्यमशीलता से देश-प्रदेश के विकास में योगदान दें: हरियाणा के राज्यपाल

कैथल के आरकेएसडी कॉलेज के 35वें दीक्षांत समारोह में करीब 190 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गईं. राज्यपाल बोले- डिग्री के साथ ज्ञान, चरित्र और मानवीय मूल्यों को भी जीवन का आधार बनाएं.

Text Size:

चंडीगढ़: हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने मंगलवार को युवाओं से शिक्षा, नवाचार, उद्यमशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के जरिए देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पहचान सिर्फ उनकी डिग्री से नहीं, बल्कि उनकी सोच, चरित्र और ज्ञान के सही इस्तेमाल से होती है.

राज्यपाल कैथल स्थित आरकेएसडी कॉलेज के 35वें दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान करीब 190 स्नातक और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गईं. उन्होंने डिग्री हासिल करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह समारोह उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ जीवन की नई यात्रा की शुरुआत भी है.

प्रो. घोष ने कहा कि आज दुनिया को सिर्फ सवालों के जवाब जानने वाले लोगों की नहीं, बल्कि बेहतर सवाल पूछने और नई संभावनाएं तलाशने का साहस रखने वाले युवाओं की जरूरत है. विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और अनुभव का इस्तेमाल सकारात्मक बदलाव लाने के लिए करना चाहिए. उन्होंने कहा कि डिग्री के साथ ज्ञान, चरित्र और मानवीय मूल्यों को भी अपने जीवन का आधार बनाएं.

राज्यपाल ने आरकेएसडी कॉलेज की टीम की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान में करीब 5,000 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, जिनमें 2,600 छात्राएं हैं. कॉलेज विद्यार्थियों की पढ़ाई और उनके सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि शिक्षकों का ज्ञान, मार्गदर्शन और संस्कार विद्यार्थियों के लिए जीवनभर की पूंजी होते हैं. शिक्षकों के विचार, व्यवहार और आदर्श विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने की प्रेरणा देते हैं.

उन्होंने कहा कि आरकेएसडी कॉलेज 1954 से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहा है और हरियाणा के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में अपनी पहचान रखता है. आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि प्रदेश का कोई भी विद्यार्थी अच्छी शिक्षा पाने के अवसर से वंचित न रहे.

कार्यक्रम में राष्ट्रीय विद्या समिति के अध्यक्ष अश्वनी शोरवाला, समिति के पूर्व अध्यक्ष सतीश बंसल, साकेत मंगल और अनिल शोरवाला, उपाध्यक्ष महेश मंगल और श्याम बंसल, महासचिव पंकज बंसल, नगर पार्षद रोहन मित्तल, कोषाध्यक्ष अशोक मंगल, कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गगन मित्तल, उपप्राचार्य डॉ. राजबीर पाराशर सहित शिक्षक, गणमान्य व्यक्ति, विद्यार्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे.

share & View comments