scorecardresearch
Monday, 19 October, 2026
होमरिपोर्टयोगी का दावा- यूपी में 9.5 साल में तीन गुना हुई प्रति व्यक्ति आय, 65 लाख युवाओं को मिला रोजगार

योगी का दावा- यूपी में 9.5 साल में तीन गुना हुई प्रति व्यक्ति आय, 65 लाख युवाओं को मिला रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा- 2017 के बाद अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति लागू, बड़े कारखानों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हुई.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दावा किया कि 2017 के बाद से राज्य में महिला सशक्तीकरण, आर्थिक विकास, रोजगार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़े बदलाव हुए हैं. उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ साल में राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी), प्रति व्यक्ति आय, बजट और महिलाओं की श्रम बल में भागीदारी तीन गुना हो गई है.

नवरात्रि के अवसर पर मां सिद्धिदात्री का आशीर्वाद लेने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश की महिलाएं अपनी क्षमता, संकल्प और आत्मविश्वास के दम पर राज्य की प्रगति और खुशहाली में अहम भूमिका निभा रही हैं.

योगी ने संस्कृत के श्लोक ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान करना सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए जरूरी है.

मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की स्थिति की तुलना मौजूदा सरकार के कार्यकाल से करते हुए दावा किया कि पहले दंगे, अराजकता और आपराधिक गतिविधियां आम लोगों की जिंदगी और महिलाओं की सुरक्षा को प्रभावित करती थीं.

उन्होंने कहा, “2017 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य की डबल इंजन सरकार ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति और कानून का राज स्थापित किया है. इससे अशांति से प्रभावित राज्य उत्सवों के राज्य में बदल गया है.”

योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में बड़े कारखानों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है. इन निवेशों से 65 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार मिला है.

मुख्यमंत्री के मुताबिक, भर्ती प्रक्रियाओं के जरिए राज्य में 9.5 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं. वहीं, स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 24 हजार से ज्यादा हो गई है.

बुनियादी ढांचे और कृषि क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए योगी ने कहा कि देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का 60 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है.

उन्होंने यह भी दावा किया कि राज्य की कृषि विकास दर 8 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गई है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ‘सशक्त महिलाएं, समृद्ध उत्तर प्रदेश’ के लक्ष्य के साथ काम कर रही है. उन्होंने विकसित उत्तर प्रदेश के साथ विकसित भारत बनाने के संकल्प को भी दोहराया.

share & View comments