scorecardresearch
Wednesday, 25 November, 2026
होमरिपोर्टसोनपुर मेला घूमने के लिए 900 रुपये से शुरू टूर पैकेज, बस से लेकर लग्जरी कार तक की सुविधा

सोनपुर मेला घूमने के लिए 900 रुपये से शुरू टूर पैकेज, बस से लेकर लग्जरी कार तक की सुविधा

बिहार पर्यटन निगम ने पटना से मेले तक आने-जाने के लिए अलग-अलग पैकेज तैयार किए. दो लोगों के लिए 6,000 रुपये का कपल पैकेज भी उपलब्ध, इसमें होटल में ठहरने और खाने की सुविधा शामिल.

Text Size:

पटना: बिहार के विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में घूमने के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने विशेष टूर पैकेज शुरू किए हैं. इनकी शुरुआत 900 रुपये प्रति व्यक्ति से हो रही है. पर्यटक अपनी सुविधा और बजट के अनुसार एसी बस से लेकर लग्जरी कार तक में सफर कर सकेंगे.

पर्यटन निगम की ओर से पटना के दो स्थानों- वीरचंद पटेल पथ स्थित कौटिल्य विहार होटल और दारोगा राय पथ स्थित सिख हेरिटेज गुरु नानक भवन से सोनपुर के लिए वाहन चलाए जा रहे हैं. यहां से रोजाना दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक वाहन उपलब्ध होंगे.

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 22 नवंबर को सोनपुर मेले का उद्घाटन किया था. इस बार पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और नए अनुभव देने के लिए विशेष टूर पैकेज तैयार किए गए हैं. मेले में सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है.

एसी बस, डबल डेकर बस और विंगर से आने-जाने के लिए प्रति व्यक्ति 900 रुपये किराया तय किया गया है. वहीं, एसी ट्रैवलर के लिए 950 रुपये, इनोवा के लिए 1,100 रुपये और इटियोस के लिए 1,300 रुपये प्रति व्यक्ति देने होंगे.

दो लोगों के लिए 6,000 रुपये का विशेष कपल पैकेज भी उपलब्ध है. इसमें इटियोस एसी कार से यात्रा और भ्रमण, होटल में ठहरने और टूरिस्ट गाइड की सुविधा मिलेगी. इसके अलावा नाश्ता, दोपहर का खाना, शाम का नाश्ता और रात का खाना भी पैकेज में शामिल है.

पर्यटक टूर पैकेज की बुकिंग और अन्य जानकारी के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा 8544418314 पर फोन करके किराये, पैकेज और उपलब्धता की जानकारी ली जा सकती है.

share & View comments