भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को लोकतंत्र सेनानियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि अब प्रदेश सरकार लोकतंत्र सेनानियों के तीर्थाटन के लिए विशेष ट्रेन चलाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष की वजह से ही देश में लोकतंत्र सुरक्षित है और भारत आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राष्ट्र बना हुआ है.
भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित लोकतंत्र सेनानी प्रादेशिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों पर पुष्प वर्षा कर उनका सम्मान किया. इस दौरान 96 वर्षीय लक्ष्मी नारायण पाटीदार, 95 वर्षीय शांति लाल संघवी और पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता का भी अभिनंदन किया गया.
मुख्यमंत्री ने आपातकाल को याद करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोगों को बिना अपील, दलील और सुनवाई के जेलों में डाल दिया जाता था. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों का संघर्ष स्वतंत्रता आंदोलन की तरह महत्वपूर्ण था और उसी की बदौलत आज लोकतंत्र सुरक्षित है.
डॉ. यादव ने कांग्रेस पर संविधान के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान का सबसे अधिक दुरुपयोग कांग्रेस ने किया. उन्होंने कहा कि आज देश तेजी से विकास कर रहा है और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में आगे बढ़ रहा है.
मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र सेनानियों के लिए कई नई सुविधाओं की घोषणा की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानी प्रदेश के रेस्ट हाउस और सर्किट हाउस में दो दिन तक नि:शुल्क ठहर सकेंगे. उनके मुफ्त इलाज और एयर एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी. साथ ही दिवंगत लोकतंत्र सेनानियों की स्मृति में उनके गांव और कस्बों में शिलालेख स्थापित किए जाएंगे तथा पार्क, सड़क और खेल मैदानों का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा.
सम्मेलन में लोकतंत्र सेनानी संघ के प्रदेश अध्यक्ष तपन भौमिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद कैलाश सोनी तथा पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी समेत बड़ी संख्या में लोकतंत्र सेनानी मौजूद रहे. कार्यक्रम में आपातकाल पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई.