लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सभी विकास खंडों में ग्रामीण स्टेडियम बना रही है. इन स्टेडियमों में मल्टीपरपज हॉल, कम से कम 200 मीटर का एथलेटिक्स ट्रैक और विभिन्न आउटडोर खेलों के मैदान विकसित किए जाएंगे. फिलहाल प्रदेश के अलग-अलग जिलों में करीब 30 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं.
सरकार की योजना के तहत हर विकास खंड में ग्रामीण स्टेडियम के साथ ओपन जिम भी बनाए जाएंगे, जिससे गांव के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही अभ्यास और प्रशिक्षण की सुविधा मिल सके.
सरकार का कहना है कि इस पहल से ग्रामीण खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक पहुंच बना सकेंगे. साथ ही खेल गतिविधियों से युवाओं में फिटनेस बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.
