नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है. यूपी नेडा के डायरेक्टर रविन्दर सिंह ने बताया कि प्रदेश के 17 जिले देश के शीर्ष 100 जिलों में शामिल हुए हैं. इनमें राजधानी लखनऊ ने 1,24,167 रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना के साथ देश में पहला स्थान बरकरार रखा है.
उन्होंने बताया कि लखनऊ में बड़ी संख्या में लोगों द्वारा सौर ऊर्जा अपनाने से यह उपलब्धि हासिल हुई है. वहीं, प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी ने देश में 10वां स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है. औद्योगिक शहर कानपुर नगर भी 14वें स्थान पर पहुंचकर हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नई मिसाल पेश कर रहा है.
प्रदेश में रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की अहम भूमिका रही है. आसान ऑनलाइन आवेदन, समयबद्ध स्वीकृति, बेहतर समन्वय और प्रभावी सब्सिडी व्यवस्था से उपभोक्ताओं की भागीदारी बढ़ी है.
रूफटॉप सोलर से बिजली बिल में बचत के साथ अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर आर्थिक लाभ मिल रहा है. इससे स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन बढ़ने के साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिल रही है.