बड़वानी: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नशे को बुराई और विकृति की जड़ बताते हुए लोगों से इससे दूर रहने की अपील की. उन्होंने बड़वानी जिले के अजगरिया गांव में शिवपंथी नशामुक्ति कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्ति के लिए सरकार और समाज को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने लोगों से नशा छोड़कर दूध उत्पादन बढ़ाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार दुग्ध उत्पादन और गौशालाओं के संचालन के लिए अनुदान देगी.
सीएम ने बड़वानी में वन औषधि शोध संस्थान बनाने की घोषणा की. इसके अलावा खुपजदेव धाम और वहां तक सड़क बनाने, अजगरिया गांव में लड़कों और लड़कियों के लिए 100-100 सीटों वाले छात्रावास बनाने और पांजरिया गांव में 50 लाख रुपये की लागत से शेड बनाने की घोषणा की.
उन्होंने धवली गांव में पुलिस चौकी बनाने, बारेली भाषा के संरक्षण और शोध, सिकल सेल बीमारी की जांच व इलाज की सुविधाएं बढ़ाने और पात्र जनजातीय ग्रामीणों को वन अधिकार के पट्टे देने की भी बात कही. जिन लोगों को पट्टे मिल चुके हैं, उनकी रजिस्ट्री भी सरकार कराएगी.
शिवपंथी संगठन ग्रामीण क्षेत्रों में आध्यात्मिकता और सत्संग के जरिए नशामुक्ति के लिए काम करता है. कार्यक्रम में धार्मिक भजन हुए और लोगों को दूध प्रसादी व चावल की खिचड़ी बांटी गई.