scorecardresearch
Thursday, 10 September, 2026
होमरिपोर्टराष्ट्र निर्माण में पं. गोविंद बल्लभ पंत का योगदान अविस्मरणीय : CM योगी

राष्ट्र निर्माण में पं. गोविंद बल्लभ पंत का योगदान अविस्मरणीय : CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी, जाने-माने वकील और उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत का देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उन्होंने अपना पूरा जीवन देश और समाज के हर वर्ग के हितों के लिए समर्पित किया.

Text Size:

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. लोकभवन परिसर में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पं. पंत की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर उन्हें नमन किया. इस मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी, जाने-माने वकील और उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत का देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उन्होंने अपना पूरा जीवन देश और समाज के हर वर्ग के हितों के लिए समर्पित किया.

मुख्यमंत्री योगी ने स्वतंत्रता आंदोलन में पं. पंत की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने ब्रिटिश सरकार के खिलाफ लड़ाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. वर्ष 1925 में काकोरी ट्रेन एक्शन के बाद ब्रिटिश सरकार ने क्रांतिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. इस मामले में क्रांतिकारियों की पैरवी करने वाले प्रमुख वकीलों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत भी शामिल थे. उन्होंने वकील के रूप में भी देशहित को सबसे ऊपर रखा.

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 1937 में पं. पंत को संयुक्त प्रांत का प्रीमियर चुना गया. देश की आजादी के बाद वर्ष 1947 में वह उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री बने. उस समय आज का उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा था.

मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेश के विकास और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए.

उन्होंने कहा कि इसके बाद पं. गोविंद बल्लभ पंत ने राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली. वर्ष 1954 में वह देश के गृह मंत्री बने और राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. देश के अंदर विभाजन की नींव डालने की कोशिशों का समाधान निकालने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा.

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का व्यक्तित्व और उनके काम आज और आने वाली पीढ़ियों को देश सेवा की प्रेरणा देते रहेंगे. उन्होंने कहा, “उनकी जयंती पर प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.”

share & View comments