scorecardresearch
Thursday, 10 September, 2026
होमरिपोर्टनितिन नवीन और CM धामी ने हल्द्वानी में युवाओं से किया संवाद, रोजगार और करियर पर हुई चर्चा

नितिन नवीन और CM धामी ने हल्द्वानी में युवाओं से किया संवाद, रोजगार और करियर पर हुई चर्चा

संवाद के दौरान युवाओं ने प्रदेश और देश के विकास से जुड़े सवाल राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से पूछे. युवाओं ने सरकार की अलग-अलग योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए. साथ ही रोजगार, स्वरोजगार और प्रदेश में बेहतर अवसरों को लेकर सुझाव भी दिए.

Text Size:

हल्द्वानी: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया और युवाओं से बातचीत की. इस दौरान करियर, रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, तकनीक, खेल और उत्तराखंड के भविष्य से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई.

संवाद के दौरान युवाओं ने प्रदेश और देश के विकास से जुड़े सवाल राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से पूछे. युवाओं ने सरकार की अलग-अलग योजनाओं को लेकर अपने अनुभव साझा किए. साथ ही रोजगार, स्वरोजगार और प्रदेश में बेहतर अवसरों को लेकर सुझाव भी दिए.

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं की क्षमता को नई दिशा देने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के नए अवसर दिए जा रहे हैं. डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल के अनुसार आगे बढ़ने का मौका दिया है. आज का युवा सिर्फ नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार और नए अवसर पैदा करने वाला भी बन रहा है.

उन्होंने कहा कि बदलती अर्थव्यवस्था और तकनीक के दौर में युवाओं की भूमिका लगातार बढ़ रही है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, नए प्रयोग, डिजिटल तकनीक और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में नए अवसर सामने आए हैं. उत्तराखंड के युवा प्रतिभा और क्षमता से भरपूर हैं. उनकी ऊर्जा और क्षमता को प्रदेश के विकास से जोड़कर उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है.

नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर बढ़ाना जरूरी है. युवाओं के विचार, सुझाव और उनकी उम्मीदें प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं. उन्होंने युवाओं से भविष्य की चुनौतियों को अवसरों में बदलने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया आज एक मजबूत माध्यम है और युवाओं को इसका सकारात्मक इस्तेमाल देश और समाज के विकास के लिए करना चाहिए. विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए 140 करोड़ देशवासियों को एकजुट होकर काम करना होगा. उन्होंने युवाओं से राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आगे आकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि जीवन में समय का सही इस्तेमाल बहुत जरूरी है और सफलता के लिए समय का सदुपयोग करना चाहिए.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है. भारत की बड़ी युवा आबादी देश को नई ऊर्जा, नई सोच और नई क्षमता दे रही है. तकनीक और नए प्रयोगों के बढ़ते इस्तेमाल से युवाओं के लिए नए अवसर सामने आए हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनकी सरकार ने इस सोच के साथ काम किया कि “पहाड़ की जवानी और पहाड़ का पानी, दोनों उत्तराखंड के काम आएं.” इसी दिशा में सरकारी विभागों में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया गया. अब तक करीब 34 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है.

उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई. नकल कराने वाले लोगों को जेल भेजा गया और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई.

धामी ने कहा कि युवाओं को सिर्फ सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं रखा जा रहा है. सरकार का ध्यान स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के नए अवसर देने पर भी है. मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, होम स्टे और मुख्यमंत्री उद्यमान खिलाड़ी योजना समेत कई योजनाओं के जरिए युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी उत्तराखंड तेजी से अपनी नई पहचान बना रहा है. राज्य में खेलों से जुड़ी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है. हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिलाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ाया गया है. राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का 100 से ज्यादा पदक जीतना राज्य में बढ़ती खेल प्रतिभा और बदलते खेल माहौल का प्रमाण है.

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, विज्ञान, नए प्रयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और नई तकनीकों से जुड़े क्षेत्रों में युवाओं के लिए अवसर तैयार किए जा रहे हैं. निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया गया. साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें, इसके लिए सरकार मुफ्त कोचिंग की सुविधा भी दे रही है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और क्षमता ही विकसित उत्तराखंड बनाने की सबसे बड़ी ताकत है.

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट समेत जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे.

share & View comments