scorecardresearch
Thursday, 10 September, 2026
होमरिपोर्टइंदौर में 11 सितंबर से होगा यात्री परिवहन विजन समिट-2026, CM मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

इंदौर में 11 सितंबर से होगा यात्री परिवहन विजन समिट-2026, CM मोहन यादव करेंगे शुभारंभ

यह समिट मुख्य रूप से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पर केंद्रित होगी. इसका आयोजन मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) की ओर से ईलेट्स टेक्नोमीडिया के सहयोग से किया जा रहा है.

Text Size:

भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में काम कर रही है. इसी के तहत परिवहन विभाग की ओर से 11 और 12 सितंबर को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय यात्री परिवहन विजन समिट-2026 का आयोजन किया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 सितंबर को समिट का शुभारंभ करेंगे. परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह भी इसमें शामिल होंगे.

यह समिट मुख्य रूप से मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा पर केंद्रित होगी. इसका आयोजन मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (MPYPIL) की ओर से ईलेट्स टेक्नोमीडिया के सहयोग से किया जा रहा है.

‘नई सोच, नई राह, नया मध्यप्रदेश’ विजन के साथ होने वाली इस समिट का उद्देश्य MPYPIL के जरिए जन-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल, आधुनिक IT सिस्टम और हरित ऊर्जा पर आधारित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना है.

समिट के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंडस्ट्री एक्सपो का उद्घाटन करेंगे. इसमें बस बनाने वाली कंपनियों, IT कंपनियों, वित्तीय संस्थानों और दूसरे उद्योगों के साथ प्रदेश के अलग-अलग सरकारी निगम अपनी गतिविधियों और नए प्रयोगों की प्रदर्शनी लगाएंगे.

इस मौके पर ईलेट्स टेक्नोमीडिया की ओर से तैयार समिट की स्मारिका का विमोचन किया जाएगा. साथ ही MPYPIL की ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’ की योजना और इसके तहत भविष्य में होने वाले कामों पर आधारित विशेष पुस्तिका भी जारी की जाएगी.

राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के जरिए चुने गए MPYPIL के नए लोगो का अनावरण भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे. इसके अलावा मोबिलिटी स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए आयोजित हैकाथॉन का शुभारंभ भी किया जाएगा.

देशभर के विशेषज्ञ और कंपनियां बनाएंगी रणनीति

समिट में देश के अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञ, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निजी बस ऑपरेटर, राज्य परिवहन उपक्रमों और IT कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. वे प्रदेश की सार्वजनिक यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, आसान, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की रणनीति पर चर्चा करेंगे और अपने सुझाव देंगे.

समिट में कुल 8 सत्र होंगे. इनमें यात्री परिवहन को आसान, सुरक्षित, स्मार्ट और प्रदूषणमुक्त बनाने, MP Mobility Vision-2030 के तहत PPP मॉडल से निवेश, रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने, आर्थिक रूप से मजबूत बस संचालन, यात्री सुरक्षा, ग्रीन मोबिलिटी, स्वच्छ ईंधन, एकीकृत टिकटिंग और ऑटोमैटिक किराया वसूली प्रणाली जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी.

ये प्रमुख संस्थान और कंपनियां होंगी शामिल

समिट में EKA Mobility, Tata Motors, GreenCell Mobility, Volvo-Eicher Private Limited, Switch Mobility (Hinduja Group), Aero Eagle Automobile, Yash Technologies, Rapido, Chalo Mobility, Amnex Infotechnologies, Indian Oil Corporation Limited, SBI और Think Gas जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल होंगी.

इसके अलावा कई शिक्षण संस्थानों, थिंक टैंक और कंसल्टेंसी एजेंसियों के परिवहन विशेषज्ञ भी अपने अनुभव और सुझाव साझा करेंगे. इनमें WRI India, BITS Pilani, CEPT Ahmedabad, KPMG और DIMTS प्रमुख हैं.

share & View comments