scorecardresearch
Thursday, 1 October, 2026
होमरिपोर्टउज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद के हिस्से को नुकसान, कलेक्टर बोले- कोई जनहानि नहीं हुई

उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद के हिस्से को नुकसान, कलेक्टर बोले- कोई जनहानि नहीं हुई

कलेक्टर रौशन सिंह ने अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की. कहा- भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई.

Text Size:

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का काम जारी है. इस दौरान छतरी चौक स्थित मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई की जा रही है. इसी दौरान मस्जिद के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा है.

उज्जैन कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने कहा कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि न तो कोई व्यक्ति घायल हुआ है और न ही कोई व्यक्ति कहीं फंसा हुआ है.

कलेक्टर ने कहा, “मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक खबर पर ध्यान न दें. प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है.”

उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समाजों के प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौके पर मौजूद हैं. उनके साथ लगातार बातचीत की जा रही है. प्रशासन सभी पक्षों के साथ समन्वय और बातचीत के जरिए स्थिति को सामान्य बनाए रखने की कोशिश कर रहा है.

कलेक्टर रौशन सिंह ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोग केवल अधिकृत और भरोसेमंद जानकारी पर ही विश्वास करें.

उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से अफवाह, भ्रामक जानकारी या गलत खबर फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

share & View comments