scorecardresearch
Wednesday, 18 November, 2026
होमरिपोर्टनीमच को 272 करोड़ की सौगात, मोहन यादव ने 111 विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमि-पूजन

नीमच को 272 करोड़ की सौगात, मोहन यादव ने 111 विकास कार्यों का किया लोकार्पण और भूमि-पूजन

नीमच-मंदसौर में इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र देश का बड़ा औद्योगिक केंद्र बनेगा. विकास कार्यों से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई की सुविधाएं बेहतर होंगी.

Text Size:

भोपाल/नीमच: गोपाष्टमी के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 17 नवंबर को नीमच जिले को बड़ी सौगात दी. उन्होंने मनासा के मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में 271.99 करोड़ रुपये की लागत वाले 111 विकास और निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया.

इससे पहले मनासा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का भव्य रोड शो हुआ. इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं और अलग-अलग समाजों के लोगों ने फूल बरसाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया. सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और उनका आभार जताया.

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नीमच-मंदसौर जिले को इंडस्ट्रियल पार्क की सौगात मिल रही है. इससे यह क्षेत्र देश का बड़ा औद्योगिक केंद्र बनेगा. चीता परियोजना से नीमच-मंदसौर क्षेत्र देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा. ग्रीनको कंपनी के प्रोजेक्ट से 1,920 मेगावाट बिजली पैदा होगी. इससे प्रदेश बिजली के मामले में आत्मनिर्भर बनेगा.

मुख्यमंत्री ने कम बारिश को देखते हुए अधिकारियों को राजस्व पुस्तक परिपत्र के भाग 6-4 के तहत किसानों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक पक्की सड़क, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, पीने का पानी और दूसरी जरूरी सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है. इसी दिशा में नीमच जिले के मनासा, जावद, नीमच और मल्हारगढ़ क्षेत्र के लिए विकास कार्यों की यह सौगात दी गई है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कामों के पूरे होने से लोगों का आना-जाना आसान होगा और किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी. विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल मिलेगा, स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी और गांवों में जरूरी सुविधाओं का विकास होगा.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की घोषणा के बाद लोक निर्माण विभाग (भवन) की ओर से 124.87 करोड़ रुपये की लागत से 13 सड़क निर्माण और मरम्मत के काम किए जाएंगे.

नीमच नगर पालिका की ओर से 1.10 करोड़ रुपये की लागत से चांदीपुरा एप्रोच से श्याम बुद्धिन दरगाह तक सीसी रोड बनाई जाएगी.

लोक निर्माण विभाग (भवन), नीमच की ओर से 21.82 करोड़ रुपये की लागत से 8 काम किए जाएंगे. इनमें शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में फर्नीचर, एसी, वॉल पैनल, ग्रीन हाउस, साउंड सिस्टम और बिजली से जुड़े काम शामिल हैं.

इसके अलावा जावद की सब-जेल में जी+1 ड्यूप्लेक्स आवास बनाए जाएंगे. नीमच में 50 सीटों वाला अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास नंबर 3 बनाया जाएगा. श्री भादवामाता मंदिर में शेड और पार्किंग बनाई जाएगी. मंदिर परिसर में 70 दुकानों का निर्माण भी होगा.

सामनवती में नेताजी सुभाषचंद्र बोस के नाम पर 50 सीटों वाला बालिका छात्रावास बनाया जाएगा. इसके साथ ही नीमच जिले के भादवामाता मंदिर के शिखर का निर्माण भी किया जाएगा.

share & View comments