लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक निजी चैनल के कार्यक्रम ‘राइजिंग भारत समिट’ में कहा कि आज की जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी को 10 साल पहले के उत्तर प्रदेश में फैली अराजकता, दंगे, गुंडागर्दी और पहचान के संकट के बारे में बताना जरूरी है. 15 से 25-27 साल की उम्र के युवाओं ने वह दौर नहीं देखा है, जब प्रदेश में महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था, लगातार दंगे होते थे, बेटियों की सुरक्षा खतरे में रहती थी और व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी. इसलिए नई पीढ़ी को उस समय के हालात के बारे में बताना जरूरी है, ताकि वह आज हुए बदलावों को समझ सके और भविष्य की जिम्मेदारी संभाल सके.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि ‘बंटोगे तो कटोगे’ और ‘एक हैं तो सेफ हैं’ का संदेश किसी तरह का ध्रुवीकरण करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों को सतर्क और सावधान करने के लिए है. उन्होंने कहा कि वर्तमान तभी सुरक्षित होता है, जब हम अपने अतीत को देखते हैं. भविष्य तभी अच्छा होगा, जब हम अपने वर्तमान को सुधारेंगे. आज हालात इसलिए सुधरे हैं, क्योंकि हमने पिछली सरकारों के समय हुई गलतियों को ठीक किया है. अब इस बदलाव को लगातार आगे बढ़ाना नई पीढ़ी की जिम्मेदारी है.
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब प्रदेश में सपा की सरकार थी, तब जवाहर बाग की घटना हुई थी. मुजफ्फरनगर, कोसीकलां और अलीगढ़ में दंगे हुए थे. बरेली में हर तीसरे महीने दंगा होता था. उन्होंने कहा कि जवाहर बाग में कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान एसपी मुकुल द्विवेदी और थाना प्रभारी संतोष यादव की हत्या हुई थी और 23 लोगों की जान गई थी. उन्होंने कहा कि आज भाजपा की सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विजन को पूरा करने के लिए आज की युवा पीढ़ी को अलग-अलग क्षेत्रों में नेतृत्व करना होगा. इसके लिए युवाओं को यह भी जानना होगा कि उनके माता-पिता ने किन हालात में जीवन बिताया है.
मथुरा और अयोध्या को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनावी एजेंडे नहीं, बल्कि हमारी आस्था के केंद्र हैं. काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मथुरा-वृंदावन का विकास और 4,500 से ज्यादा पुराने मंदिरों और धार्मिक स्थलों का दोबारा विकास करना इसी विरासत को सम्मान देने की कोशिश है.
सीर गोवर्धन में संत रविदास जी के भव्य कॉरिडोर, प्रतिमा और चार लेन की सड़क का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले वहां दलितों का अपमान किया जाता था और कार्यक्रमों में विवाद खड़े किए जाते थे, लेकिन आज वहां कोई समस्या नहीं है. मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और सपा पर तुष्टीकरण की नीति के कारण संस्थाओं का इस्लामीकरण करने का भी आरोप लगाया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को पहचान के संकट से बाहर निकालकर उनके लिए बेहतर भविष्य के अवसर तैयार किए हैं. शिक्षा, रोजगार, पारदर्शी भर्ती और आधुनिक तकनीक की ट्रेनिंग के जरिए युवाओं को नई दिशा मिली है. अब तक 9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है. सरकार के 10 साल का कार्यकाल पूरा होने तक यह संख्या 10.5 लाख तक पहुंच जाएगी.
उन्होंने कहा कि निवेश के जरिए 65 लाख युवाओं को रोजगार मिला है. प्रदेश में 96 लाख सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) इकाइयों में 3.25 करोड़ से ज्यादा लोग काम कर रहे हैं. वहीं, स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है. इनमें करीब आधे स्टार्टअप महिलाएं चला रही हैं.
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा अब नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बन चुका है. कानपुर में आईआईटी के सहयोग से मेडिकल टेक्नोलॉजी और ड्रोन टेक्नोलॉजी, नोएडा में रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर तथा लखनऊ में एआई सिटी विकसित की जा रही है.
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 36 अलग-अलग क्षेत्रों के लिए नीतियां बनाई गई हैं, जिनके जरिए निवेश के बड़े अवसर उपलब्ध कराए गए हैं. यूपी देश में सबसे ज्यादा पूंजीगत खर्च करने वाला राज्य है. पिछले साढ़े नौ साल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है. वहीं, प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.24 लाख रुपये हो गई है.
जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मेट्रो, सभी 75 जिलों में बिजली की सुविधा, गंगा और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और रक्षा निर्माण कॉरिडोर प्रदेश के विकास की नई पहचान हैं. उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में पहले कट्टा और बम बनते थे, आज वहां ब्रह्मोस मिसाइल बन रही है.