लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन दोनों दलों का इतिहास राम मंदिर का विरोध करने का रहा है. ये लोग अयोध्या और भारत की सनातन आस्था को बदनाम करने के लिए कुछ न कुछ नाटक करेंगे. उन्होंने कहा, “ये लोग घोषित रामद्रोही हैं. राम भक्तों के खून से इनके हाथ सने हुए हैं. इन लोगों को अपने इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए.”
एक निजी चैनल के कार्यक्रम ‘राइजिंग भारत समिट’ में राजनीतिक और विकास से जुड़े अलग-अलग सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश 2029-30 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा. 2047 में विकसित भारत के साथ विकसित उत्तर प्रदेश भी देश के सामने होगा.
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मतदाता सूची को साफ करने का अच्छा प्रयास है. जिन मतदाताओं की मौत हो चुकी है, उनके नाम सूची से हटने चाहिए और जो भारत का नागरिक नहीं है, उसका नाम मतदाता सूची में नहीं होना चाहिए. हर वयस्क भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में योगदान देगा.
वोट चोरी के विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेतृत्व की नाकामी और विफलता का ठीकरा कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी, कभी वोट अधिकार यात्रा और कभी एसआईआर पर फोड़ने की कोशिश करती है. जीतने पर यह अपनी मेहनत का नतीजा बताती है, लेकिन हारने पर ईवीएम, एसआईआर, वोट चोरी या निर्वाचन आयोग को जिम्मेदार ठहराती है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग और न्यायपालिका संवैधानिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण अंग हैं. इन पर सवाल उठाना संविधान बनाने वालों का अपमान है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस यही गलती कर रही है. 1975 में संविधान का गला घोंटने वाली और सबसे ज्यादा संवैधानिक संशोधन करने वाली कांग्रेस आज संविधान की दुहाई दे रही है.
राहुल गांधी का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि वह हर उस मुहिम का हिस्सा बनते हैं, जो भारत विरोधी होती है और देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है. उन्हें हल्की बातें करने के बजाय तथ्यों और सबूतों के आधार पर चर्चा करनी चाहिए.
अखिलेश यादव के पीडीए में पंडितों को शामिल करने वाले बयान पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी का असली चेहरा देखना है तो दादरी में अखिलेश के कार्यक्रम में शामिल हुए उनकी ही पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी का बयान पढ़ना चाहिए. प्रतापगढ़ के सपा सांसद शिवपाल सिंह पटेल और पूर्व सांसद राजाराम पाल के बयानों को भी देखना चाहिए.