scorecardresearch
Tuesday, 14 July, 2026
होमरिपोर्टसपा के राज में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर अदा की गई थी नमाज: सीएम योगी आदित्यनाथ

सपा के राज में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर अदा की गई थी नमाज: सीएम योगी आदित्यनाथ

पिछले तीन दिनों में यह दूसरा अवसर है, जब मुख्यमंत्री ने ‘हनुमानगढ़ी में नमाज’ का मुद्दा उठाया है. इस मामले पर उस समय सेवा में रहे दो पूर्व आईपीएस अधिकारियों के बयानों में मतभेद है.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर विपक्ष की आलोचना करते हुए नवंबर 2003 में समाजवादी पार्टी (सपा) शासन के दौरान हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर कथित रूप से नमाज अदा किये जाने के मुद्दे का उल्लेख किया.

मुख्यमंत्री ने लखनऊ में ‘रिपब्लिक भारत’ समाचार चैनल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘जो लोग हनुमानगढ़ी में नमाज अदा करने की सुविधा देते थे, वे अब अयोध्या और आस्था के मामलों पर टिप्पणी कर रहे हैं. ऐसे लोग आज हनुमानगढ़ी जैसे पवित्र स्थल को लेकर सवाल उठा रहे हैं.’’

आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘नकली आस्था रखने वालों ने यह पाप (हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज) किया, जबकि भाजपा ने अयोध्या को सनातन धर्म की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में स्थापित किया.’’

उन्होंने कहा कि जिन लोगों के लिए राष्ट्र सर्वोपरि नहीं है, वे देश की अस्मिता और आस्था पर लगातार प्रहार कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) निष्पक्ष जांच कर रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा, ‘‘नैतिक आधार पर इस्तीफे भी हुए हैं, लेकिन इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की आड़ में जो लोग आस्था के साथ खिलवाड़ करने और हिंदू धामों पर प्रहार करने की कोशिश कर रहे हैं, वे वही लोग हैं जो गरीबों के हक पर डकैती डालते थे और हनुमानगढ़ी जैसे पवित्र स्थल पर नमाज अदा करने का कुत्सित प्रयास करते थे.’’

share & View comments