दुर्ग: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भिलाई ने रक्षा और नई तकनीक के क्षेत्र में अनुसंधान, नवाचार और क्षमता निर्माण में सहयोग के लिए भारतीय सेना के जबलपुर स्थित ‘506 आर्मी बेस वर्कशॉप’ के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर साइन किए हैं. संस्थान ने गुरुवार को यह जानकारी दी.
आईआईटी-भिलाई द्वारा जारी बयान के अनुसार, यह एमओयू बुधवार को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्थित आईआईटी परिसर में संस्थान के निदेशक प्रोफेसर राजीव प्रकाश और ‘506 आर्मी बेस वर्कशॉप’ के कमांडर तथा प्रबंध निदेशक ब्रिगेडियर टी.ए. अरविंद की मौजूदगी में किया गया.
बयान में कहा गया है कि इस एमओयू का उद्देश्य आपसी सहमति वाले क्षेत्रों में प्राध्यापकों, तकनीकी कर्मचारियों और शोधार्थियों के माध्यम से अकादमिक और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराना है.
इस सहयोग का फोकस उभरती हुई और रक्षा से जुड़ी प्रौद्योगिकियों पर होगा, जिसमें नवाचार, डिजाइन, विश्लेषण, विनिर्माण, परीक्षण, विश्वसनीयता, उन्नत सामग्री, सतह इंजीनियरिंग, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग (AI/ML) आधारित इंजीनियरिंग समाधान, सेंसर, एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, मरम्मत और पुनर्निर्माण समेत अन्य क्षेत्र शामिल होंगे, ऐसा इसमें कहा गया है.
भाषा के इनपुट के साथ.